भाकपा(माले) का परिचय

भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी-लेनिनवादी) लिबरेशन मई 1967 में महान नक्सलबाड़ी जनविद्रोह में जन्मी एक भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी है. नक्सलबाड़ी जन उभार  भारत की जनता के सबसे दमित उत्पीड़ित हिस्सों को भारतीय राजनीति के पटल पर खड़ा करके उन्हें भारतीय क्रांति की चालक शक्ति के रूप में सामने लाया. इसी प्रक्रिया में इसने पुन्नप्रा-वायलार और तेलंगाना के कम्युनिस्ट नेतृत्व वाले ऐतिहासिक किसान आन्दोलनों के साथ निरंतरता को भी स्थापित किया. भारतीय परिस्थितियों में मार्क्सवाद-लेनिनवाद के सिद्धांतों को लागू करने की प्रतिबद्धता के साथ पार्टी की स्थापना लेनिन के जन्म दिवस 22 अप्रैल को 1969 में की गई.

भारतीय कम्युनिस्ट आन्दोलन में संशोधनवाद और अराजकतावादी धाराओं के खिलाफ संघर्ष चलाते हुये भारत के कम्युनिस्ट आन्दोलन की क्रांतिकारी विरासत के दृढ़ रक्षक के रूप में भाकपा (माले) का उदय हुआ है. अपने जन्मकाल से ही पार्टी ने सर्वाधिक बर्बर कस्टोडियल टॉर्चर और हत्याओं का सामना किया है जिनमें पार्टी के संस्थापक महासचिव समेत नेतृत्व की एक पूरी पीढ़ी कुर्बान हो गई. भाकपा (माले) लिबरेशन ने अपने शुरूआती दौर से ही दमित जातियों और महिलाओं के सम्मान व बराबरी के सवालों को मजबूती से उठाते हुये वर्ग संघर्ष के एक सुसंगत मॉडल का विकास किया है.

भाकपा (माले) लिबरेशन के बिहार एवं झारखण्ड विधानसभाओं में चुने हुये जन प्रतिनिधि हैं. इसके अतिरिक्त लोकसभा में दो सांसद हैं. पार्टी पूरे भारत में मजदूरों, किसानों, जनता के विभिन्न तबकों के आन्दोलनों का नेतृत्व करती है. संसद एवं विधानसभाओं में पार्टी के प्रतिनिधि क्रांतिकारी विपक्ष की भूमिका निभाते आये हैं.  भारत की साम्रज्यवाद विरोधी राष्ट्रवाद की सर्वोत्कृष्ट परम्पराओं को भाकपा (माले) बुलन्द करती है. पड़ोसी देशों के साथ हमारे सम्बंधों के मामलों और देश के अन्दर राष्ट्रीयताओं के सवालों पर पार्टी हर तरह के उग्रराष्ट्रवाद और युद्धोन्माद का विरोध करती है. भाकपा (माले) अपने जन्म से ही भारत के लोकतंत्र को विस्तृत एवं मजबूत बनाने के संघर्षों में सबसे आगे रहती आयी है. भाकपा (माले) लगातार राज्य दमन के प्रतिरोध में रहती है, बर्बर कानूनों के खात्मे के लिए संघर्ष करती है, जाति के सम्पूर्ण विनाश के लिए लड़ती है, यौन हिंसा, जातीय हिंसा और होमोफोबिया का प्रतिरोध करती है, और जमीन एवं संसाधनों की कॉरपोरेट लूट के खिलाफ संधर्षों को आगे बढ़ाती है. भारत में बढ़ रहे साम्प्रदायिक फासीवाद का पूरे दमखम के साथ प्रतिवाद करने के लिए पार्टी प्रतिबद्ध है.

  • हमारे सांसद एवं विधायक
  • संगठन
  • दस्तावेज
  • ताजा अपडेट के लिये