वर्ष 35 / अंक - 40 / गांधी के देश में गोडसे का राज नहीं चलेगा

गांधी के देश में गोडसे का राज नहीं चलेगा

गांधी के देश में गोडसे का राज नहीं चलेगा

का. दीपंकर भट्टाचार्य

गांधी जयंती के अवसर पर पटना के गांधी मैदान स्थित गांधी मूर्ति पर पुष्प अर्पित कर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि देते हुए भाकपा(माले) महासचिव का. दीपंकर भट्टाचार्य ने इंडिया गठबंधन के आह्वान पर आयोजित ‘लोकतंत्र बचाओ मार्च’ को संबोधित किया. कार्यक्रम में भाकपा(माले) राज्य सचिव कुणाल, पोलित ब्यूरो सदस्य मीना तिवारी, अमर व एमएलसी शशि यादव सहित इंडिया गठबंधन के विभिन्न दलों के नेता शामिल हुए.

मार्च को संबोधित करते हुए दीपंकर भट्टाचार्य ने कहा कि गांधी के देश में आज गोडसे को मानने वालों का शासन है. कानून और संविधान की खुलेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं. वोट चोरी कर जनता के मताधिकार पर हमला किया जा रहा है. मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के नेतृत्व में चुनावों को भाजपा के पक्ष में प्रभावित किए जाने का गंभीर मामला सामने है जिसे इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट ने और गंभीर बना दिया है.

उन्होंने आज गांधी जयंती के दिन, जब पूरे देश को लोकतंत्र और नागरिक अधिकारों की रक्षा का संकल्प लेना होता है, दिल्ली में जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने पहुंचे नेताओं और नागरिकों को हिरासत में लेने को बेहद शर्मनाक बताया और मतदाता सूची से बाहर किए गए मतदाताओं के नाम तत्काल वापस जोड़ने, मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से इस्तीफा देने और चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति प्रक्रिया को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने की मांग की.

03 October, 2026