का. दीपंकर भट्टाचार्य ने 2 अगस्त को आइएमए सभागार में ही आयोजित बिहार में पार्टी के संस्थापक नेताओं में से एक और बिहार में क्रांतिकारी मजदूर आंदोलन के प्रमुख संगठनकर्ता का. रामनारायण ठाकुर की स्मृति सभा को संबोधित किया. का. दीपंकर ने कहा कि का. आरएन ठाकुर वे एक बेहतरीन संगठनकर्ता थे. वे गांव के गरीबों के क्रांतिकारी नेता थे लेकिन आगे चलकर मजदूरों को संगठित किया. नोएडा-मानेसर का मजदूर एवं जेन जी छात्र आंदोलन एक दूसरे से जुड़ा हुआ है. शिक्षा-परीक्षा, सम्मानजनक रोजगार और मजदूरी का सवाल देश का प्रमुख सवाल है.
ऐक्टू राज्य अध्यक्ष श्यामलाल प्रसाद की अध्यक्षता व ऐक्टू राज्य सचिव रणविजय कुमार के संचालन में आयोजित श्रद्धांजलि सभा को का. दीपंकर भट्टाचार्य के साथ ही ऐक्टू के राष्ट्रीय महासचिव राजीव डिमरी ने भी सम्बोधित किया.
उन्होंने कहा कि पिछले दिनों जंतर-मंतर पर शिक्षा में कारगर सुधार का आंदोलन चला तो वही नोएडा-मानेसर के नौजवान मजदूरों ने भी मजदूरी और अधिकार को लेकर आंदोलन किया. नोएडा-मानेसर का मजदूर आंदोलन और जेन-जेड छात्र आंदोलन एक दूसरे से जुड़ा हुआ है. आंदोलनकारी मजदूर भी नई पीढ़ी के मजदूर थे. जेन-जी मजदूरों और छात्रों – दोनों के आंदोलनों में हैं. हमे शिक्षा सुधार के लिए और रोजगार के लिए चल रहे आंदोलन में साथ खड़ा रहना है. पटना में छात्रों का अभूतपूर्व उभार देखने को मिला. इस आंदोलन को दिल्ली से बिहार तक समाज के विभिन्न तबकों का व्यापक समर्थन आंदोलन को मिला. नफरत की राजनीति की आड़ में शिक्षा व्यवस्था में फैले भ्रष्टाचार को संरक्षण दिया जा रहा है जिसे इस बार देश का जेन-जी ने चिन्हित कर लिया और निर्णायक लड़ाई लड़ी. उन्होंने दिल्ली में छात्रों पर हुए दमन के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि शिक्षा मंत्री के बाद अब जवाबदेही गृह मंत्री की भी तय होनी चाहिए.
राजीव डिमरी ने मजदूरों से आरएन ठाकुर को क्रांतिकारी ट्रेड यूनियन आंदोलन का नेता एवं प्रमुख संगठनकर्ता बताते हुए उनके क्रांतिकारी विरासत को आगे बढ़ाते हुए नए चार लेबर कोड, एनपीएस, निजीकरण के खिलाफ उचित न्यूनतम मजदूरी भुगतान की गारंटी, ओवरटाइम मजदूरी की गारंटी, रोजगार व सेवा सुरक्षा की गारंटी के सवाल पर आने वाले दिनों में नोयडा, मानेसर व जेन-जेड आंदोलन को आगे बढ़ाने का आह्वान किया.
श्रद्धांजलि सभा को ऑल इंडिया स्कीम वर्कर्स फेडेरेशन की राष्ट्रीय महासचिव सह एमएलसी शशि यादव, खेग्रामस के राष्ट्रीय महासचिव धीरेन्द्र झा, ऐपवा राष्ट्रीय महासचिव मीना तिवारी, ऐक्टू के झारखंड राज्य महासचिव शुभेंदु सेन, महासंघ (गोप गुट) राज्य के सम्मानित अध्यक्ष रामबली प्रसाद, ईस्ट सेंट्रल रेलवे एम्प्लाइज यूनियन (ईसीआरईयू) केंद्रीय अध्यक्ष संतोष पासवान, कोल माइंस वर्कर्स यूनियन, झारखंड के केंद्रीय संयुक्त सचिव कार्तिक प्रसाद, मोटर कामगार यूनियन, गिरिडीह (झारखंड) के उपाध्यक्ष सत्यनारायण प्रसाद हरि, सीटू नेता संजय चटर्जी, एआईयूटीयूसी नेता सूर्यकर जितेंद्र, इंटक नेता अखिलेश पांडे, एआईयूटीयूसी नेता वीरेंद्र ठाकुर, टीयूसीसी नेता शिवजी प्रसाद यादव, स्थानीय निकाय कर्मचारी महासंघ के महासचिव चंद्रशेखर कुमार आदि ने भी संबोधित किया.
ठसाठस भरे आईएमए हाॅल के अंदर जितने लोग थे उतने ही बाहर ख्ड़े थे. श्रद्धांजलि सभा में आशा, रसोइया, आंगनबाड़ी, सफाई मजदूर, फैक्ट्री मजदूर, रेल मजदूर यूनियनों सहित असंगठित क्षेत्र से जुड़े करीब दर्जनों यूनियनों के 500 से अधिक मजदूर नेताओं ने भाग लिया.