राज्य का दर्जा और छठी अनुसूची की मांग पर लद्दाख में बढ़ता विरोध

इस पूरी स्थिति के लिए संविधान को न मानने, संघवाद पर लगातार हमला बोलने, और इस क्षेत्र पर अपनी सत्तावादी पकड़ मज़बूत करने के लिए लोगों को लोकतांत्रिक अधिकारों से वंचित करने की मोदी सरकार की नीतियां पूरी तरह ज़िम्मेदार हैं।

लद्दाख में बढ़ता विरोध

लद्दाख में 24 सितंबर को राज्य का दर्जा और इस क्षेत्र को संविधान की छठी अनुसूची में शामिल करने की मांग को लेकर बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन हुए जिसके दौरान बताया जा रहा है चार लोगों की मौत हो गई है। इस पूरी स्थिति के लिए संविधान को न मानने, संघवाद पर लगातार हमला बोलने, और इस क्षेत्र पर अपनी सत्तावादी पकड़ मज़बूत करने के लिए लोगों को लोकतांत्रिक अधिकारों से वंचित करने की मोदी सरकार की नीतियां पूरी तरह ज़िम्मेदार हैं।

मोदी सरकार ने 2019 में मनमाने ढंग से अनुच्छेद 370 को हटा दिया था और जम्मू-कश्मीर को विभाजित करके उसे दो केंद्र शासित प्रदेशों में विभाजित कर दिया था। जम्मू-कश्मीर और लद्दाख, दोनों के लोगों द्वारा राज्य के दर्जे की मांग लगातार उठाई जा रही है। फिर भी, मोदी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार ने लोगों की लोकतांत्रिक आकांक्षाओं पर आंखें मूंद ली हैं। लद्दाख में 24 सितंबर को हुए विरोध प्रदर्शन, जिसमें हज़ारों लोगों ने भाग लिया, लोगों के अधिकारों और मांगों के वर्षों से दमन के खिलाफ बढ़ते गुस्से को दर्शाते हैं।

जलवायु कार्यकर्ता और शिक्षक सोनम वांगचुक, जिनका लेह के एनडीएस ग्राउंड में चल रहा अनशन 15वें दिन में प्रवेश कर गया है, लद्दाख के लोगों की बात सुनने की सरकार से अपील कर रहे हैं। उनके साथ अनशन पर बैठे कई कार्यकर्ताओं का स्वास्थ्य बिगड़ रहा है, जो स्थिति की गंभीरता को दर्शाता है।

लद्दाख के लोग राज्य का दर्जा, आदिवासी हितों की रक्षा, स्वायत्त जिला परिषदों के माध्यम से स्थानीय शासन को सशक्त बनाने और नाजुक पारिस्थितिक पर्यावरण की रक्षा के लिए छठी अनुसूची के तहत विशेष संवैधानिक प्रावधानों की मांग कर रहे हैं। लद्दाख के लोगों की लोकतांत्रिक आकांक्षाओं के अलावा, एक और गंभीर चिंता का विषय कॉर्पोरेटों द्वारा भूमि और संसाधनों की लूट से लद्दाख को बचाना है, जैसा कि देश भर के अन्य पहाड़ी क्षेत्रों में भी देखा जा रहा है। एक क्षेत्र को राज्य के दर्जे से घटाकर केंद्र शासित प्रदेश बनाने की अपनी तरह की पहली घटना ने लोगों से स्वयं निर्णय लेने और योजना बनाने की प्रक्रियाओं में उनकी हिस्सेदारी का अधिकार छीन लिया है।

हम सरकार से लद्दाख के लोगों की लोकतांत्रिक आकांक्षाओं का सम्मान करने, उनके साथ तुरंत संवाद बनाने और संविधान की छठी अनुसूची में शामिल करने के साथ-साथ राज्य का दर्जा सुनिश्चित करने का आह्वान करते हैं। 5 अगस्त, 2019 को जम्मू-कश्मीर के लोगों के साथ जो अन्याय हुआ है, उसे दूर करना होगा और कश्मीर की राज्य की मांग को भी नज़रअंदाज़ नहीं किया जा सकता।

-  भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी-लेनिनवादी) लिबरेशन

24 September, 2025