वर्ष 35 / अंक - 34 / बिहार: प्रखंड मुख्यालयों पर खेग्रामस का अनशन सत्या...

बिहार: प्रखंड मुख्यालयों पर खेग्रामस का अनशन सत्याग्रह

बिहार: प्रखंड मुख्यालयों पर खेग्रामस का अनशन सत्याग्रह

अखिल भारतीय खेत व ग्रामीण मजदूर सभा (खेग्रामस) के द्वारा भाजपा के बुलडोजर राज के खिलाफ ग्रामीण गरीबों का आंदोलन तेज करने के देशव्यापी आह्वान के तहत 13 -14 अगस्त 2026 को बिहार में प्रखंड व अंचल मुख्यालयों पर ग्रामीण गरीबों का 24 घंटे का अनशन वं सत्याग्रह कार्यक्रम आयोजित हुआ.

इस कार्यक्रम के मुख्य मुद्दे व मांगे थीं – गरीबों को वास भूमि उपलब्ध कराने – पीपी एक्ट 1948 के तहत जो गरीब जहां बसे हैं, उनको उस जमीन का मालिकाना हक देना, सभी गरीबों को बसने हेतु 5 डि. जमीन का पर्चा देना व उस पर पक्का मकान बनाने के लिए  5 लाख रूपये की राशि देना, मनरेगा को पूर्ण बहाल करना, जीग्रामजी योजना के तहत ग्रामीण मजदूरों को 125 दिन काम देने की गारंटी करना, समान काम के लिए समान वेतन देना, न्यूनतम मजदूरी 700 रूपये करना, सभी वृद्ध जनों व विकलांगों को प्रति माह 3000 रूपये की सामाजिक सुरक्षा पेंशन देना, मजदूरों की गुलामी के दस्तावेज 4 श्रम कोड को निरस्त करने, भूमिहीन गरीब मजदूरों का राशन कार्ड से नाम काटने पर रोक लगाते हुए उनको प्रति महीना 5 किलो राशन सही वजन के साथ देने की गारंटी करना, ग्रामीण गरीबों, खेत मजदूरों व मध्यम वर्ग के बच्चों के लिए उच्च शिक्षा की गारंटी करते हुए समान स्कूल प्रणाली को लागू करना, प्रखंड स्तर पर नवोदय विद्यालय खोलना, 40 बच्चों पर एक के मानक के आधार नए शिक्षकों को बहाल करना, नए स्कूल भवनों का निर्माण करने, बिहार सरकार के तुगलकी फरमान को वापस लेते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में पानी व सड़क के उपयोग पर टैक्स लगाने की घोषणा की वापसी, शिक्षा-परीक्षा में व्याप्त व्यापक भ्रष्टाचार पर रोक, आंदोलनकारी जेन-जी छात्रों पर से फर्जी मुकदमों की वापसी तथा उनके मांगों को अविलंब पूरा करना.

दो दिनों का यह अनशन सत्याग्रह पूरे बिहार में 30 जिलों के 117 प्रखंड-अंचल कार्यालयों के समक्ष आयोजित हुआ जिसमें 771 अनशनकारियों की भागीदारी हुई. इन कार्यक्रमों में महिलाओं की बहुत ही अच्छी और उत्साहवर्धक भागीदारी रही और नौजवानों के भी अच्छी-खासी तादाद में गोलबंदी हुई है. इसमें सम्राट चौधरी सरकार के खिलाफ आम गरीबों व नौजवानों में भारी गुस्सा दिखाई दिया.

इस आंदोलन का तैयारी एवं नेतृत्व खेग्रामस राष्ट्रीय महासचिव कामरेड धीरेंद्र झा राष्ट्रीय अध्यक्ष कामरेड सत्यदेव राम राज्य सचिव कामरेड शत्रुघ्न सहनी एवं जिला प्रखंड के खेग्रामस, भाकपा-माले के नेताओं ने किया.

खेग्रामस के राष्ट्रीय महासचिव धीरेन्द्र झा, राष्ट्रीय अध्यक्ष कां सत्यदेव राम, राज्य सचिव शत्रुघ्न साहनी, सम्मानित राज्य अध्यक्ष वीरेन्द्र प्रसाद गुप्ता के साथ ही पूर्व विधायकों – गोपाल रविदास (फुलवारी) व शिव प्रकाश रंजन (अगिआंव) आदि नेताओं के साथ ही विभिन्न जिलों व प्रखंडों के खेग्रामस व भाकपा(माले) नेताओं ने अनशन सत्याग्रह का नेतृत्व किया.


– प्रेम राज आनंद 



22 August, 2026