वर्ष 35 / अंक - 20 / नोएडा मजदूर आन्दोलन पर दमन के खिलाफ प्रतिवाद मार्च

नोएडा मजदूर आन्दोलन पर दमन के खिलाफ प्रतिवाद मार्च

नोएडा मजदूर आन्दोलन पर दमन के खिलाफ प्रतिवाद मार्च

10 मई 1857, जंगे आजादी के ऐतिहासिक दिन, ऐक्टू ने नोएडा मजदूर आन्दोलन के दमन के खिलाफ – गिरफ्तार मजदूर नेताओं व कार्यकर्ताओं की बिना शर्त अविलंब रिहाई, मजदूर आन्दोलन के दौरान हुई हिंसा व दमन की हाईकोर्ट के जज के नेतृत्व में आयोग का गठन करके जांच करने व अन्य मांगों को लेकर – लखनऊ के चारबाग रेलवे स्टेशन से मुख्यमंत्री आवास के लिए मार्च निकाला.  मार्च में शामिल सैकड़ों महिलाएं व पुरुष शामिल थे.

जूलूस के साथ भारी संख्या में पुलिस बल चल रहा था. चारबाग से मुख्य सड़क पर पहुंचने के पहले ही पुलिस ने बैरीकेड लगाकर मार्च को रोक दिया. गुस्साए मजदूरों ने वहीं पर सड़क पर सभा शुरू कर दी.

कार्यक्रम के पूर्व मजदूर आन्दोलन से भयभीत योगी सरकार ने 9 मई की शाम से ही प्रदेश भर में नेताओं को उनके घरों पर पुलिस भेज कर हाउस अरेस्ट करना शुरु किया. लखीमपुर खीरी, महाराजगंज, अयोध्या, सीतापुर, पीलीभीत, रायबरेली, गोंडा, अंबेडकरनगर, सहारनपुर, बस्ती आदि जिलों में ये नजरबंदियां की गईं. वाराणसी में पार्टी जिला सचिव को रेलवे स्टेशन से हिरासत में लेकर घर लाकर हाउस अरेस्ट कर दिया गया. गाजीपुर में पार्टी के जिला कार्यालय पर और जालौन में जिला सचिव की खोज में गांव में उनके घर तक पुलिस पहुंच गई. इतना ही नहीं, मथुरा में पार्टी के नेताओं को वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने फोन पर धमकाया और लखनऊ न जाने को कहा. ऐक्टू प्रदेश अध्यक्ष का. विजय विद्रोही को रायबरेली में घर पर हाउस अरेस्ट कर दिया.

कार्यक्रम स्थल पर मजदूरों की सभा को ऐक्टू के प्रदेश संगठन सचिव राणाप्रताप, संयुक्त सचिव देवानंद भारती, ऐक्टू राज्य उपाध्यक्ष डाॅ. राजेश सिंह, डाॅ. एसएम जैदी, भाकपा(माले) के लखनऊ प्रभारी का. रमेश सेंगर, राज्य स्थायी समिति सदस्य का. राधेश्याम मौर्य, राज्य कमेटी सदस्य का. कमला गौतम, इंकलाबी नौजवान सभा के राज्य सह सचिव राजीव गुप्ता, आइसा के जिला अध्यक्ष शांतम निधि, ऐपवा की लखनऊ जिला संयोजक सरोजिनी बिष्ट, नेशनल आपदा मित्र एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रदीप कुमार, उपाध्यक्ष विवेक मणि त्रिपाठी व ऐक्टू के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रामसिंह चौधरी आदि ने नेताओं ने संबोधित किया. अंत में पुलिस कमिश्नरेट एसीपी के माध्यम से मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन दिया गया.

12 मई को भाकपा(माले) और ऐक्टू ने नोएडा समेत अन्य जगहों पर मजदूरों पर दमन और  प्रदेश स्तरीय आंदोलनों के पूर्व पार्टी नेताओं को उनके घरों पर हाउस अरेस्ट करने के खिलाफ प्रदेश भर में ‘मजदूर एकजुटता दिवस’ मनाया.

राजधानी लखनऊ में पार्टी और ऐक्टू ने मिलकर परिवर्तन चौक से जिलाधिकारी कार्यालय तक मार्च किया. लखनऊ के अतिरिक्त वाराणसी, रायबरेली, सीतापुर, लखीमपुर खीरी, पीलीभीत, कानपुर, मिर्जापुर, सोनभद्र, सहारनपुर, मथुरा, प्रयागराज, अयोध्या, जालौन सहित प्रदेश के अन्य जिलों में भी कार्यक्रम कर ज्ञापन दिए गए.



16 May, 2026