इंसाफ मंच के बैनर तले लहेरियासराय (दरभंगा) में 22 जून 2026 को पुलिस अधीक्षक के समक्ष प्रदर्शन आयोजित किया गया. इस प्रदर्शन के जरिये चर्चित फैज हत्याकांड कीे उच्च स्तरीय जांच कराने, मामले का स्पीडी ट्रायल करने, सभी गवाहों का बयान दर्ज करने और इस मामले में गिरफ्तार अभियुक्त सोनू पासवान को रिमांड पर लेकर हत्याकांड में संलिप्त अन्य लोगों का नाम उजागर करने तथा पीड़ित के परिजनों को 20 लाख रुपये का मुआवजा व नौकरी देने की मांग की गई.
पतोर थाना कांड 10/26 विंदेश्वर राम के हत्यारों की गिरफ्तारी करने, केवटी थाना कांड संख्या 176/26 व नगर थाना कांड संख्या 52/26 में सबक सिखाने के नियत से भ्रष्टाचार का उद्भेदन करने वाले पत्रकारों को झूठे मुकदमे से दोष मुक्त करने, महिला उत्पीड़न से संबंधित जाले थाना कांड संख्या 109/26 के अभियुक्तों को गिरफ्तार करने व उत्पीड़ित पर ही उल्टे लगे जाले थाना कांड संख्या 112/26 को वापस लेने, बहेड़ी थाना कांड संख्या 303/26 और 386/26 में फंसाए निर्दोष गरीबों को बरी करने व सदर थाना कांड संख्या 172/26 के अभियुक्तों की गिरफ्तार करने व बढ़ते अपराध पर लगाम लगाने की मांग को गई.
इंसाफ मंच के प्रदेश उपाध्यक्ष नेयाज अहमद, जिला सचिव मकसूद आलम, पप्पू खान, अहमद अली तमन्ना, ऐपवा की जिला सचिव शनिचरी देवी, भाकपा(माले) जिला कमिटी सदस्य ललन पासवान, पप्पू कुमार पासवान आदि के नेतृत्व में पोलो मैदान से जुलूस निकला जो वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय के मुख्य गेट तक पहुंचा.
मुख्य गेट पर ही अशेक पासवान की अध्यक्षता में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए का. नेयाज अहमद ने कहा कि भाजपाई राज में अपराधियों का मनोबल बढ़ा हुआ हैं. पुलिस और अपराधी बेलगाम हो चुके हैं. दरभंगा में दिन-दहाड़े मो. फैज की नृशंस हत्या इसकी बानगी है. पीड़ित परिवार इंसाफ के लिए भटक रहे हैं लेकिन सरकार प्रशासन उनके बातों को सुन भी नहीं रहे हैं. भ्रष्टाचारी को पकड़ने के बदले भ्रष्टाचार उजागर करने वालों को जेल भेजा जा रहा हैं. हम लूट-भ्रष्टाचार-हत्या का यह राज नहीं चलने देंगे और इंसाफ की लड़ाई अंतिम दम तक लड़ेंगे.
नेताओं ने कहा कि इंसाफ मंच ने जिन मांगो को लेकर प्रदर्शन किया हैं अगर उन मांगो पर प्रशासन कार्रवाई नहीं करेगा तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा. प्रदर्शन को भाकपा(माले) के नगर सचिव कामेश्वर पासवान, जमालुद्दीन, किसान नेता सुर्यनारायण शर्मा, भाकपा नेता अहमद अली तमन्ने, अरशद सिद्दकी, मो शौकत, प्रो राहत अली, मुर्तजा राईन आदि ने भी संबोधित किया.