ब्राजील और सर्बिया में दक्षिणपंथी ताकतों की हार के बाद, अब अमेरिका और इजरायल जैसे साम्राज्यवादी केंद्रों से भी कुछ उत्साहजनक खबरें आ रही हैं. इजरायल में नेतन्याहू ने अपना बहुमत खो दिया है, हालांकि 120 सदस्यों वाली इजरायली संसद (जिसे नेसेट कहा जाता है) में 53 सीटों के साथ उनका गठबंधन अभी भी सबसे बड़ा गुट बना हुआ है. इन चुनावों की सबसे अहम बात है अरब पार्टियों के रूप में एक महत्वपूर्ण ताकत का उदय जिसने 19 सीटें जीतकर नेतन्याहू की हार तय कर दी. अमेरिका के मध्यावधि चुनावों में डेमोक्रेट्स को अमेरिकी कांग्रेस के दोनों सदनों – सीनेट (उच्च सदन) और हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स – में भारी बहुमत मिला. इससे ट्रंप अपने कार्यकाल के बचे हुए समय के लिए एक कमजोर राष्ट्रपति बनकर रह गए हैं. डेमोक्रेट्स ने रिपब्लिकन पार्टी के कई पारंपरिक गढ़ों में ऐतिहासिक जीत हासिल की और कुछ जगहों पर तो उन्होंने रिपब्लिकन पार्टी के लगभग एक सदी पुराने दबदबे को खत्म कर दिया.
ट्रंप को काफी देर से समझ आया कि उनके तानाशाही और अत्यंत अ-लोकप्रिय शासन के खिलाफ जनता में भारी गुस्सा है. उन्होंने अपनी सरकार को इजरायल से दूर दिखाने का नाटक करके और ईरान के साथ युद्ध खत्म करने का वादा करके स्थिति को संभालने की कोशिश की. उन्होंने मतदाता सूची में हेरफेर करने और लोगों को तरह-तरह के प्रलोभन देकर वोट खरीदने की भी कोशिश की. लेकिन उनकी कोई भी चाल काम नहीं आई, अमेरिका के आम मेहनतकश लोगों ने उन्हें करारा जवाब दिया और कई प्रगतिशील प्रतिनिधियों को चुनकर भेजा. अब अमेरिका को अपना पहला मुस्लिम सीनेटर मिला है – मिशिगन के अब्दुल अल-सैयद. इसके अलावा, जाॅर्जिया में कीशा लांस बाॅटम्स पहली अश्वेत महिला गवर्नर चुनी गई हैं, न्यू मैक्सिको में डेबरा हालैंड पहली मूल अमेरिकी महिला गवर्नर बनी हैं, और न्यूयाॅर्क स्टेट सीनेट में आबेर कवास पहले फिलिस्तीनी-अमेरिकी स्टेट सीनेटर बने हैं.
हाल ही में अमेरिका में एक नया राजनीतिक रुझान देखने को मिला है, जिसके चलते अमेरिका में चार युवा समाजवादी मेयर चुनकर आए है – न्यूयाॅर्क में जोहरान ममदानी, सिएटल में केटी विल्सन, लाॅस एंजिल्स में नित्या रमन और वाशिंगटन डी.सी. में जेनीस लुईस जाॅर्ज. यह रुझान वामपंथी दिशा में आगे बढ़ने वाली संभावना पैदा करती है और जिसमें उस धुर-दक्षिणपंथी और नस्लवादी राजनीति का विरोध और पराजय छिपा हुआ है, जो डोनाल्ड ट्रंप के दो कार्यकाल और ‘ट्रंपवाद’ के रूप में सामने आई है. यह संभावना तब और भी प्रबल हो जाती है जब हम ईरान के खिलाफ हमलावर युद्ध और ट्रंप-नेतन्याहू की जोड़ी द्वारा फिलिस्तीन में किए जा रहे नरसंहार के विनाशकारी प्रभावों को देखते हैं. यह असर न केवल अंतरराष्ट्रीय स्तर पर, बल्कि खुद अमेरिका के भीतर आर्थिक हालात और राजनीतिक माहौल पर भी देखने को मिल रहा है. कम वेतन, जन-कल्याण पर सरकारी खर्च में कटौती, सैन्य खर्च में भारी बढ़ोतरी और युद्ध की बढ़ती लागत ने अमेरिका के कामकाजी लोगों का जीवन बेहद कठिन बना दिया है.
फिर भी दूसरी ओर, ट्रंप का ‘मागा’ (अमेरिका को फिर से महान बनाओ) अब बेतहाशा धन-दौलत का जश्न बन रहा है. इसका सबसे बड़ा उदाहरण एलन मस्क हैं, जो दुनिया के पहले खरबपति बन गए हैं. साथ ही, ट्रंप प्रशासन और अमेरिकी धनकुबेरों के बीच का गठजोड़ और गहरा होता जा रहा है, जो केवल लालच और लूट-खसोट पर टिका है. ट्रंप प्रशासन द्वारा शुरू की गई नस्लवादी और प्रवासी-विरोधी मुहिम ने न केवल प्रवासी समुदायों, बल्कि आम अमेरिकी नागरिकों के जीवन को भी असुरक्षित बना दिया है. सरकारी एजेंसी आइसीई (इमिग्रेशन एंड कस्टम्स एनफोर्समेंट) द्वारा फैलाई गई दहशत, हिंसा और सैन्यीकरण ने हालात को और बिगाड़ दिया है. विश्वविद्यालयों के जो छात्रा और शिक्षक गाजा में हो रहे नरसंहार और फिलिस्तीन पर इजराइल के क्रूर कब्जे की निंदा कर रहे हैं, उन्हें ट्रंप प्रशासन का आक्रोश झेलना पड़ रहा है. दरअसल, ट्रंप प्रशासन अमेरिका में बेहद प्रभावशाली इजराइल लाॅबी के साथ मिलकर काम कर रहा है.
इस पृष्ठभूमि में डेमोक्रेटिक खेमे के एक बड़े हिस्से ने बाइडेन शासन काल के दिवालियापन, पाखंड और कायरता की आलोचना की है. वे एक ऐसे स्पष्ट जन-पक्षीय एजेंडे पर काम कर रहे हैं जिसमें अरबपतियों पर संपत्ति कर लगाने और श्रमिकों को सम्मानजनक वेतन देने की बात शामिल है. इसके अलावा, वे सार्वजनिक स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में खर्च बढ़ाने और इन सेवाओं को बेहतर ढंग से लोगों तक पहुंचाने की वकालत कर रहे हैं. साथ ही, वे उन विशाल डेटा सेंटरों पर रोक लगाने की बात कर रहे हैं जो संसाधनों को निगल रहे हैं और पर्यावरण को नुकसान पहुंचा रहे हैं. वे एआई (कृत्रिम बुद्धिमत्ता) तकनीक के बेलगाम इस्तेमाल को भी सख्ती से नियंत्रित करना चाहते हैं, क्योंकि इसके कारण बड़े पैमाने पर बेरोजगारी और हर तरफ अफरा-तफरी मची है. अमेरिकी जनता द्वारा दिए गए इस मध्यावधि जनादेश के खिलाफ ट्रंप के समर्थकों ने हेराफेरी की कोई कोशिश तो नहीं की, लेकिन ट्रंप ने इसे ‘इतिहास में पीछे की ओर जाने वाला एक बड़ा कदम’ बताकर यह संकेत दे दिया है कि उनका प्रशासन अमेरिकी कांग्रेस के डेमोक्रेट-नियंत्रित सदनों के साथ टकराव की राह पर आगे बढ़ेगा.
नेतन्याहू शासन की हार और अमेरिका के मध्यावधि चुनावों में ट्रंप प्रशासन के बड़े पतन का भारत में स्वागत किया जाना चाहिए. मोदी सरकार ने अमेरिका-इजरायल धुरी के सामने रणनीतिक रूप से घुटने टेक दिए हैं, और इस प्रक्रिया में भारत के हितों और सम्मान की बलि चढ़ा दी है. संघ ब्रिगेड की घरेलू राजनीति ट्रंप और नेतन्याहू के नस्लवाद, इस्लामफोबिया (इस्लाम के प्रति नफरत) और तानाशाही तौर-तरीकों से काफी प्रेरित है. ठीक उसी समय, जब अमेरिकी मतदाता ‘ट्रंपवाद’ के खिलाफ ऐतिहासिक जनादेश दे रहे हैं, हमें पता चलता है कि मोदी सरकार ने दो अमेरिकी लाॅबिंग फर्मों को काम पर रखा था और इसके लिए हर महीने 2,25,000 डाॅलर खर्च किया जा रहा था, ताकि मोदी की छवि को बेहतर बनाने के लिए उनके पक्ष में सोशल मीडिया पोस्ट और ट्रंप प्रशासन की ओर से फोन काॅल करवाए जा सकें!
ट्रंप के टैरिफ युद्ध, भारत-विरोधी अपमानजनक टिप्पणियों और उसी ट्रंप प्रशासन से पैसे देकर अपनी तारीफ करवाने के मामलों पर छाई चौंकाने वाली खामोशी मोदी सरकार के ‘विश्वगुरु’ होने के दावों के पीछे की उसकी दयनीय सच्चाई को उजागर करती है. हम भारत के लोगों को अब ट्रंप और नेतन्याहू के इस कायर और उनके इशारों पर नाचने वाली कठपुतली सरकार को खारिज करने के लिए तैयार हो जाना चाहिए जिसने भारत को हर मोर्चे पर एक गहरी तबाही में धकेल दिया है.