[ पटना में आयाजित काॅमरेड स्वदेश भट्टाचार्य (शंभूजी) की श्रद्धांजलि सभा में कामरेड दीपंकर भट्टाचार्य का संबोधन ]
आज हम सब लोग यहां जमा हुए हैं. पूरे बिहार के हर कोने से साथी यहां आए हैं. इसी तरह की श्रद्धांजलि सभाएं देश के दूसरे राज्यों में भी आयोजित होंगी. 13 तारीख को कलकत्ता में, 18 तारीख को दिल्ली में और मेरे ख्याल से 25 तारीख को गुवाहाटी में साथी इसकी योजना बना रहे हैं. बाकी राज्यों में भी हर जगह लोग शंभू जी के लिए श्रद्धांजलि सभाएं आयोजित कर रहे हैं.
शंभू जी के बारे में साथियों ने काफी विस्तार से चर्चा की है. हम सब लोग यहां एक संकल्प लेने के लिए भी जमा हुए हैं.
शंभू जी हमारी केंद्रीय कमेटी की एक तरह से निरंतरता थे. 28 जुलाई 1974 को जिस केंद्रीय कमेटी का गठन हुआ था, उसमें सिर्फ तीन साथी थे. उस केंद्रीय कमेटी से लेकर आज की हमारी केंद्रीय कमेटी तक, जिसमें 70 से ज्यादा सदस्य हैं, 1974 से 2026 तक के इन 52 वर्षों में भाकपा(माले) की केंद्रीय कमेटी के साथ शंभू जी लगातार जुड़े रहे. हमारी हर बैठक की अध्यक्षता, चाहे उसे स्थायी अध्यक्ष कहें या अध्यक्ष मंडल का अध्यक्ष, शंभू जी ही करते थे.
चारों ओर तमाम बदलावों के बीच शंभू जी एक स्थिर उपस्थिति थे. इसीलिए वे पार्टी में स्थिरता, मजबूती, संगठन के विस्तार और उसकी परिपक्वता के प्रतीक बने रहे.
मुझे लगता है कि शंभू जी के बारे में दो बातें बहुत महत्वपूर्ण हैं. पहली, उनका बेहद मजबूत इरादा. हर कम्युनिस्ट, हर नेता और हर कार्यकर्ता के लिए मजबूत इरादा होना जरूरी है. आप देखिए कि शंभू जी किस समय पूर्णकालिक कार्यकर्ता बने? जून 1973 में एचईसी की नौकरी छोड़कर उन्होंने तय किया कि अब उन्हें पार्टी के लिए पूर्णकालिक कार्यकर्ता के रूप में काम करना है.
वह 1973-74 का दौर था. नक्सलबाड़ी के उभार के बाद का समय. चारों तरफ दमन था, आंदोलन को धक्का लगा था, लोग परेशान थे, गुमराह हो रहे थे. आपस में बिखराव और बहसें थीं. ऐसे दौर में उन्होंने पार्टी का पूर्णकालिक कार्यकर्ता बनने का फैसला किया. फिर जुलाई 1974 में पार्टी ने उन पर भरोसा जताया और केंद्रीय कमेटी में तीन साथी आए. काॅमरेड जौहर और काॅमरेड विनोद मिश्र के साथ काॅमरेड स्वदेश भट्टाचार्य भी उसमें शामिल हुए.
अंग्रेजी में एक कहावत है, “When the going gets tough, the tough get going.” यानी जब आगे बढ़ना मुश्किल हो, माहौल बेहद कठिन हो, तब मजबूत इरादे वाले लोग ही आगे बढ़ते हैं. वे ऐसे ही कठिन दौर में आगे आते हैं. शंभू जी ने भी बिल्कुल विपरीत परिस्थितियों और धक्के के उस दौर में मजबूत इरादे और संकल्प के साथ पार्टी की जिम्मेदारी उठाई.
देखिए, चारु मजूमदार के नाम पर देश में क्या-क्या नहीं हुआ! जब कोई बड़ा नेता होता है, तो लोग उसके अलग-अलग उद्धरण चुनकर, अपनी-अपनी समझ के मुताबिक उसका नाम लेते हुए कुछ भी करने लगते हैं. नक्सलबाड़ी को भी उस दौर में लोग अलग-अलग ढंग से समझ रहे थे. कोई कहता था कि नक्सलबाड़ी का मतलब चुनाव का बहिष्कार है, कोई कहता था कि नक्सलबाड़ी का मतलब हथियारबंद संघर्ष है. जिसे जो समझ में आया, उसने उसी को पकड़ लिया.
लेकिन उस धक्के के बाद जब हमारी पार्टी फिर से खड़ी हुई, तो उसने चारु मजूमदार के आखिरी संदेश को अपना मार्गदर्शक बनाया. उनका आखिरी संदेश क्या था? पार्टी को जिंदा रखना है.
सीपीआई (एमएल) का गठन 1969 में हुआ था और 1970 में उसका पहला महाधिवेशन हुआ. पार्टी का निर्माण शुरू ही हुआ था. लेकिन उस समय वर्ग संघर्ष बहुत तीखा था. पूरे देश में क्रांतिकारी उभार था और सत्ता से सीधा टकराव हो रहा था. इसके जवाब में इतना जबरदस्त दमन हुआ कि लगा, पार्टी को उसके बनते ही कुचल दिया गया है.
चारु मजूमदार ने अपने आखिरी संदेश में कहा था कि पार्टी को जिंदा रखना है. पार्टी जिंदा रहेगी तो परिस्थितियां फिर बदलेंगी. आज जो दमन और धक्का दिखाई दे रहा है, वह स्थायी नहीं है. यह दौर बदलेगा और फिर एक नया उभार आएगा. लेकिन उस उभार को साकार करने के लिए एक मजबूत पार्टी चाहिए. पार्टी ही नहीं रहेगी, पार्टी मजबूत ही नहीं होगी, तो परिस्थितियों के बदलने का क्या फायदा?
इस संदेश की दूसरी बात थी कि पार्टी को जनता के बीच रहकर जिंदा रखना है. जनता ही पार्टी की ताकत है. जनता का हित ही पार्टी का सबसे बड़ा हित है. पार्टी का जनता से अलग कोई अपना हित नहीं हो सकता.
तीसरी बात थी कि दमन और प्रतिक्रियावादी ताकतों से मुकाबला करने के लिए व्यापक मोर्चा बनाना होगा. उन तमाम लोगों से हाथ मिलाना होगा, जिनके साथ शायद कल तक हमारा संघर्ष रहा हो. बदले हुए हालात में व्यापक एकता के जरिए आगे बढ़ना होगा. यही काम आज भी हम कर रहे हैं.
ये तीन सूत्र थे, जिनके आधार पर सीपीआई (एमएल) फिर से खड़ी हुई. बाकी बातें अपनी जगह हैं, लेकिन उस समय सबसे जरूरी था पार्टी को जिंदा रखना, जनता के हितों को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए जनता पर निर्भर रहकर पार्टी को आगे बढ़ाना और दमन, हिंसा तथा प्रतिक्रियावादी ताकतों के खिलाफ व्यापक मोर्चाबंदी करना.
शंभू जी ने उसी समय से इन सूत्रों को पकड़ा और पूरी मजबूती के साथ आगे बढ़ते रहे. हमारी शुरुआती पीढ़ी के जिन साथियों ने इन्हीं उसूलों के आधार पर पार्टी को फिर से जिंदा किया और आगे बढ़ाया, शंभू जी उनमें से एक थे. उन्होंने इन उसूलों को कभी नहीं छोड़ा.
दूसरी बात है उनका निस्वार्थ भाव. उनमें कहीं कोई निजी स्वार्थ दिखाई नहीं देता था. शायद एक ही बार मैंने उन्हें अपनी कोई निजी बात कहते सुना. जब उन्हें पता चला कि उन्हें कैंसर है, तब डाॅक्टरों ने कीमोथेरेपी की सलाह दी. उन्हें पांच इंजेक्शन दिए जाने थे. दो इंजेक्शन के बाद शायद उन्हें यह इलाज बर्दाश्त नहीं हुआ. कुल मिलाकर, उन्हें लगा कि कीमोथेरेपी कराने या न कराने, दोनों ही स्थितियों में जो होना है, वह होगा. इसलिए उन्होंने अपने बचे हुए समय में आयुर्वेदिक इलाज कराने का फैसला किया.
उस समय जब हम लोग उन पर थोड़ा ज्यादा दबाव डाल रहे थे कि काॅमरेड, आपको कीमोथेरेपी करानी चाहिए, तो उन्होंने कहा, ‘शरीर तो मेरा है.’
वे अपना पूरा जीवन पार्टी के लिए समर्पित कर चुके थे. लेकिन यह उनका शरीर था. आखिरी दौर में उनसे हमने शायद पहली और आखिरी बार अपनी कोई निजी बात इस तरह कहते सुनी. इसके बाद हम लोगों ने तय किया कि इस मुद्दे पर शंभू जी से कोई बहस नहीं करेंगे. हमने उनकी बात मान ली.
उसके बाद चार-पांच साल तक उनका आयुर्वेदिक इलाज चलता रहा. वे दूसरी जांच-पड़ताल और इलाज के लिए तैयार थे, लेकिन कीमोथेरेपी और एक बार फिर ऑपरेशन कराने के लिए तैयार नहीं थे. शायद उन्हें लगता था कि उससे कोई खास फायदा भी नहीं होगा.
उनका मजबूत इरादा और निस्वार्थ भाव किसी भी कम्युनिस्ट के लिए बुनियादी गुण हैं. कम्युनिस्ट आंदोलन में हम व्यक्तिगत हितों को पीछे रखकर, उन्हें छोड़कर आते हैं. हम सामूहिकता पर और सामूहिक विचार तथा सामूहिक विवेक पर भरोसा करते हैं. अगर हम अल्पमत में हैं तो बहस करते हैं, लेकिन अल्पमत में रहने पर बहुमत के फैसले का सम्मान करते हुए उसके साथ चलते हैं.
यह गुण हमने शंभू जी में देखा. साथियों ने कहा कि वे बहुत धीरज रखते थे. वे हमेशा बहुमत में ही रहे हों, ऐसा नहीं था. कई बार उनके विचार को बाकी साथियों ने नहीं माना. लेकिन वे उस स्थिति में भी धैर्य रखते थे. हमने उन्हें अपने विचार बदलते हुए भी देखा है. कभी किसी मुद्दे पर उन्होंने माना कि बाकी साथी जो कह रहे हैं, उसी के साथ चलना चाहिए. बाद में अनुभव और उसके परिणामों की समीक्षा करते हुए, अगर उन्हें लगता था कि वह फैसला सही था, तो वे खुलकर कहते थे कि हां, जो हो रहा है, जो हम कर रहे हैं, वह सही है.
उनकी यह विनम्रता महज शिष्टाचार की विनम्रता नहीं थी. अपने विचार को लेकर उनमें कोई अहंकार नहीं था. कोई विचार आया है, वह अल्पमत में हो या बहुमत में, उसके सही होने की कसौटी आखिरकार यथार्थ और व्यवहार ही हैं. हम अपने सिद्धांतों, नीतियों और फैसलों को व्यवहार में उतारकर परखते हैं. देखते हैं कि वे कितने सही हैं और उनमें क्या गलत है. शंभू जी इसके लिए हमेशा तैयार रहते थे. उनमें न अहंकार था, न अड़ियल रुख और न ही इस तरह की कट्टरता.
शंभू जी के भीतर ऐसे बहुत सारे गुण थे. उन्होंने इतने साल पार्टी को दिए और हम सभी साथियों ने उनसे सीखने की कोशिश की. यह सीखने की कोशिश आगे भी जारी रहेगी.
शंभू जी पार्टी का संगठन विभाग देखते थे, पार्टी कार्यालय का काम संभालते थे. इसलिए हम सब संगठन के सवाल पर उन्हें याद करते हैं. पार्टी अनुशासन और उसूलों से जुड़ा कोई सवाल उठता था, तो हम उनके पास जाते थे. वे उस पर सोचते थे और अपनी बात रखते थे.
लेकिन संगठन को लेकर एक बात समझना जरूरी है. कभी-कभी हम संगठन, राजनीति और सिद्धांत को अलग-अलग चीजों की तरह देखने लगते हैं. मानो कुछ लोगों का काम संगठन संभालना है, कुछ लोगों का काम राजनीतिक नारे तय करना और राजनीतिक पहल करना है, और कुछ लोगों का काम उन पर सैद्धांतिक लेख लिखना है. इससे ज्यादा गलत समझ कुछ नहीं हो सकती.
यह जरूर है कि हम सब लोग हर काम एक ही ढंग से नहीं कर सकते. हर व्यक्ति की अपनी विशेषज्ञता होती है. कोई किसी मोर्चे पर ज्यादा सफल होता है, किसी की किसी खास काम में ज्यादा क्षमता होती है. हर व्यक्ति का हर काम में दक्ष होना जरूरी नहीं है. क्रिकेट की टीम को ही देखिए. उसमें बल्लेबाज होते हैं, गेंदबाज होते हैं, विकेटकीपर होते हैं और ऑलराउंडर भी होते हैं. सबको मिलाकर एक अच्छी टीम बनती है.
कम्युनिस्ट पार्टी भी एक टीम है, एक सामूहिकता है. उसमें हर मोर्चे पर काम करना होता है. लेकिन संगठन की बात करते समय यह कभी नहीं भूलना चाहिए कि कम्युनिस्ट संगठन राजनीति से अलग हो ही नहीं सकता. और अगर हम किसी राजनीतिक विचार को संगठित नहीं कर सकते, तो वह असंगठित विचार है, असंगठित राजनीति है.
ऐसी असंगठित राजनीति उस पूंजी से कैसे लड़ेगी, जिसके बारे में मार्क्स ने कहा था कि वह सर्वाेच्च संगठन है? पूंजी आखिरकार एक संगठित ताकत है. फासीवाद तो उससे भी ज्यादा सुपर-संगठित और केंद्रीकृत ताकत है. ऐसी संगठित ताकतों से लड़ने के लिए हमारे पास भी संगठन होना चाहिए. हर मोर्चे पर संगठन चाहिए.
शंभू जी जिस संगठन की बात करते थे, जिसके निर्माण के लिए लगातार कोशिश करते रहे और जिसके बारे में हम सबको सिखाते रहे, वह एक समग्र संगठन की सोच थी. संगठन का मतलब यह नहीं है कि कोई एक विभाग है, जहां कुछ लोग हिसाब-किताब रखेंगे, सदस्यों की संख्या का चार्ट भरेंगे और बस काम पूरा हो जाएगा. नहीं! आप कोई भी काम करें, उसे संगठित करना होगा. आपका कोई भी विचार हो, अगर उसे जमीन पर उतारना है तो उसे संगठित करना होगा.
इस अर्थ में शंभू जी एक समग्र कम्युनिस्ट और हमारे लिए बहुत बड़े क्रांतिकारी संगठक थे. उन्होंने जिस दौर में अपना काम शुरू किया, उस दौर में चारु मजूमदार की यह बात सामने थी कि पार्टी और संगठन नहीं होगा तो कुछ नहीं होगा. इसी तरह यह भी कहा जा सकता है कि राजनीति नहीं होगी तो कुछ नहीं होगा, विचार नहीं होगा तो कुछ नहीं होगा.
कम्युनिस्ट इतिहास को उठाकर देखिए. क्रांतिकारी सिद्धांत के बिना क्रांतिकारी पार्टी और क्रांतिकारी संगठन नहीं बन सकता. संगठन नहीं होगा तो कुछ नहीं होगा. “Politics in Command” यानी राजनीति की सर्वाेच्चता भी जरूरी है. इन तीनों का समन्वय जरूरी है. और यह समन्वय एक बार किसी दौर में या किसी संघर्ष में कायम करके छोड़ देने वाली चीज नहीं है. परिस्थितियां बदलती हैं, नए मुद्दे सामने आते हैं. इसलिए सिद्धांत, राजनीति और संगठन को जोड़ने का काम लगातार करना पड़ता है.
इसीलिए आप देखेंगे कि उस दौर के साथी भी शंभू जी को याद कर रहे हैं. मनोहर जी ने बताया कि 1975 में शंभू जी रात में उनके घर आए थे और उस समय उन्होंने ऐसी छाप छोड़ी, जिसे वे आज तक याद करते हैं. यह उस बिल्कुल विपरीत दौर की बात है, जब हमारे पास बहुत कम साधन थे.
6 दिसंबर 1992 के बाद भी बहुत सारे लोग इसे मंदिर और मस्जिद का झगड़ा समझ रहे थे. वे सोच रहे थे कि मंदिर और मस्जिद के पक्ष में खड़े लोगों के बीच एकता कैसे बनाई जाए. लेकिन हमने कहा कि नहीं, यह मंदिर-मस्जिद का कोई सामान्य विवाद नहीं है. ऐसे विवाद तो होते रहते हैं. यहां तो दिनदहाड़े, खुलेआम एक तरफ सुप्रीम कोर्ट था, दूसरी तरफ संविधान था और सरकार ने अदालत को भरोसा दिया था कि वह इसमें दखल नहीं देगी. इसके बावजूद बड़े नेता एक पूरी भीड़ को लेकर वहां पहुँचे और मस्जिद को गिरवा दिया.
यह सिर्फ एक मस्जिद को तोड़ने की घटना नहीं थी. यह संविधान को तोड़ने की कोशिश थी. आजादी के बाद हमारे देश में जो भी लोकतंत्र कायम हुआ था, भले ही वह सीमित और कमजोर लोकतंत्र था, उसे तोड़ने की कोशिश थी. इसीलिए हमने उसी दौर से कहना शुरू किया कि यह सांप्रदायिक फासीवाद का खुला आगाज है. यह एक आक्रामक ऐलान था कि अब हमारा समय आ गया है, हम आ गए हैं.
अगर आपको तय करना हो कि इस देश में फासीवाद कब इस तेवर और आक्रामकता के साथ हावी होने लगा, तो आप कहेंगे कि वह 6 दिसंबर 1992 का दिन था.
उसी समय हम लोग पार्टी के पांचवें महाधिवेशन की तैयारी कर रहे थे, जो दिसंबर के अंत में कलकत्ता में होना था. हमने महसूस किया कि अब समय आ गया है कि पार्टी खुले तौर पर सामने आकर इस चुनौती का मुकाबला करे.
पार्टी भूमिगत स्थिति से निकलकर खुले तौर पर काम करने लगी. इससे पहले हमारे पास पार्टी के बहुत सारे कार्यालय नहीं होते थे. साथियों के झोले में ही पार्टी का दफ्तर चलता था. घरों में ठिकाने होते थे और वही झोला लेकर साथी चलते रहते थे. अब अगर पार्टी को व्यवस्थित करना था, तो एक मजबूत कार्यालय व्यवस्था बनानी जरूरी थी. सिर्फ एक केंद्रीय कार्यालय नहीं, बल्कि पूरे देश में कामकाजी कार्यालय होने चाहिए थे, जहां लोग इकट्टा हों और नियमित काम हो. वे किसी का निजी डेरा न हों, बल्कि पार्टी के काम के केंद्र हों.
दिल्ली में शंभू जी ने इस जिम्मेदारी को संभाला. शुरुआत में शायद शकरपुर इलाके में किराए पर एक कमरा और एक छोटा-सा मकान लिया गया था. वहीं से काम शुरू हुआ. धीरे-धीरे एक छोटी-सी इमारत मिली, जिसे खरीदकर पार्टी कार्यालय बनाया गया. मकसद सिर्फ एक कार्यालय बनाना नहीं था, बल्कि पूरे देश में एक व्यवस्थित कार्यालय प्रणाली खड़ी करना था. यह काम शंभू जी के नेतृत्व में हुआ. उन्होंने तमाम चीजों को व्यवस्थित किया.
उस दौर से लेकर आज तक परिस्थितियां कितनी बदल गई हैं. अब डिजिटल का दौर है. पुराने ढंग से आज आपका कार्यालय भी नहीं चल सकता. आज अगर आपके पास डिजिटल ताकत नहीं है, तो आप प्रभावी ढंग से काम नहीं कर सकते. संगठन कोई स्थिर चीज नहीं है, जो हमेशा एक ही ढर्रे और एक ही तरीके से चलता रहे. परिस्थितियां बदलती हैं, समाज बदलता है, तकनीक बदलती है. संगठन को भी इन बदलावों के साथ खुद को ढालना पड़ता है.
शंभू जी इसी अर्थ में एक गतिशील नेता थे. वे समझते थे कि आज हमारी वेबसाइट अच्छी और मजबूत होनी चाहिए. हमारा यूट्यूब चैनल होना चाहिए. इंस्टाग्राम और फेसबुक पर हमारी मौजूदगी होनी चाहिए. पार्टी कार्यालय में डिजिटल व्यवस्था के तमाम साधन होने चाहिए. वे इस मामले में न दकियानूसी थे, न रूढ़िवादी और न ही किसी एक पुराने तरीके से चिपके रहने वाले. वे ऐसा संगठन चाहते थे जो विकसित हो, जो बदलती परिस्थितियों के अनुरूप खुद को आगे बढ़ाए.
हमें परिस्थितियों का मुकाबला करना है, उनसे लोहा लेना है और फासीवाद को शिकस्त देनी है. इसके लिए जो भी जरूरी हो, अगर शंभू जी समझ लेते थे कि वह काम करना है, तो उसके लिए साधन जुटाने और साथियों को तैयार करने की कोशिश करते थे.
इस तरह संगठन के व्यापक और गहरे अर्थ में, उसके निर्माण और संचालन में उनका बहुत बड़ा योगदान रहा. जैसा कि साथियों ने कहा, आखिरी दौर तक उनकी चिंता यही थी कि संगठन को और मजबूत कैसे बनाया जाए.
हमारे 12 विधायक जीते थे, लेकिन 12 से घटकर 2 होने में देर नहीं लगी. देश में एसआईआर जैसी प्रक्रिया सामने आई. फिर बहुत लंबे समय बाद हमारे दो सांसद जीते. आरा में 35 साल बाद ऐसा मौका आया कि हमारी पार्टी का सांसद चुना गया. लेकिन कहीं ऐसा तो नहीं कि हम सांसदों, विधायकों, विधायकी और सांसदी पर ही बहुत ज्यादा निर्भर होने लगे हैं? क्या हम सोचने लगे हैं कि इसी के सहारे पार्टी चलेगी? अगर ऐसा सोचेंगे तो धक्का खाने में देर नहीं लगेगी.
शंभू जी ने पार्टी को धक्के खाते हुए देखा था. वे उस दौर से गुजरे थे. इसलिए उनकी चिंता हमेशा रहती थी कि हमारा बुनियादी आधार क्या है, हमारे बुनियादी उसूल और काम क्या हैं? कहीं उन पर हमारी पकड़ ढीली तो नहीं पड़ रही है? कहीं उन संघर्षों पर हमारी नजर कम तो नहीं हो रही है, जो पार्टी की असली ताकत हैं? आखिरी दौर तक वे साथियों के साथ यह चिंता साझा करते रहे.
हम लोगों ने उनसे कहा कि काॅमरेड, आप निश्चिंत रहिए. उन्होंने कहा, ‘मैंने कह दिया. कहने के बाद अब मैं निश्चिंत हूं. मुझे आप साथियों पर भरोसा है. मैंने अपनी चिंता आपसे साझा कर दी है. आप लोग जरूर इस पर काम करेंगे.’
मुझे लगता है कि आज हम जिस दौर में शंभू जी को याद कर रहे हैं, वह बड़े आंदोलन का दौर है. दमन बहुत जबरदस्त है. फासीवाद का हमला भी अभूतपूर्व है. किसी ने सोचा भी नहीं था कि हिंदुस्तान में वह दिन आएगा जब चुनाव का मतलब ही हर स्तर पर वोटों की चोरी हो जाएगा. मतदाता सूची से लेकर वोटों की गिनती तक, हर जगह यह सब हो रहा है.
किसी ने यह भी नहीं सोचा था कि बिहार में ऐसी सरकार आएगी जो सुशासन की बात तक नहीं करेगी, बल्कि सिर्फ बुलडोजर और एनकाउंटर की बात करेगी. बुलडोजर और एनकाउंटर ही सरकार की पहचान बन जाएंगे. अंग्रेजी के ये दो शब्द, बुलडोजर और एनकाउंटर, सरकार की पूरी कार्यशैली को बता रहे हैं. न्याय, सुशासन और विकास जैसे शब्द कहीं पीछे छूट गए हैं. सरकार सीधे बुलडोजर और एनकाउंटर की भाषा बोल रही है.
क्या हमने कभी सोचा था कि ऐसा होगा? नहीं. लेकिन भाजपा की सरकार बनी है और डबल इंजन की सरकार बुलडोजर और एनकाउंटर के सहारे चल रही है.
ऐसी अभूतपूर्व चुनौतियों के दौर में बड़े आंदोलन की जरूरत है. और वैसा आंदोलन खड़ा भी हो रहा है. जेन-जी का आंदोलन अपने भीतर बहुत बड़ी संभावना समेटे हुए है. इसे सिर्फ जंतर-मंतर तक सीमित करके मत देखिए. इसे सिर्फ पेपर लीक के खिलाफ आंदोलन मत समझिए. जंतर-मंतर पर पेपर लीक के खिलाफ आंदोलन भी तभी सफल हुआ, जब हर तरह के लोग उसमें आकर जुड़े.
यह वही जेन-जी है जो पेपर लीक के खिलाफ लड़ती है. यही जेन-जी न्यूनतम मजदूरी के लिए और लेबर कोड के खिलाफ लड़ती है. नोएडा और मानेसर में 12-12, 14-14 घंटे काम कराने के खिलाफ आवाज उठाती है. यही जेन-जी दिल्ली विश्वविद्यालय की उन छात्राओं में भी दिखाई देती है, जो रात-रात भर जागकर कहती हैं कि हमें सुरक्षा चाहिए, सम्मान चाहिए. बलात्कार की संस्कृति, महिला-विरोध और पितृसत्ता हमें मंजूर नहीं है.
ये सब जेन-जी के ही हिस्से हैं. और इसी जेन-जी से प्रेरणा लेते हुए आज स्कूल ठीक करने के लिए आगे बढ़ रहे बच्चे, यानी जेन-अल्फा, भी इसी आंदोलन का हिस्सा हैं.
आंदोलन के एक नए उभार का दौर आ रहा है. इस उभार को संगठित करना है. यह ऐसा समय है जब पार्टी का बहुत विस्तार होना चाहिए. नए-नए पूर्णकालिक कार्यकर्ता बनने चाहिए. जिस तरह 1973 में विपरीत परिस्थितियों के बीच शंभू जी ने पूर्णकालिक काम करने का फैसला किया था, आज हमें भी इस नए उभार की संभावनाओं को समझना होगा.
हमारे साथी आज किसी छोटे-मोटे काम या किसी एक मुद्दे के लिए नहीं निकले हैं. वे जंतर-मंतर पर भगत सिंह की तस्वीर लेकर चल रहे हैं. और भगत सिंह की तस्वीर के साथ उनका जज्बा भी जुड़ा हुआ है.
इस दौर में बहुत बड़ी संभावना है. बात समझने की जरूरत है कि जहां अभूतपूर्व संकट होगा, वहां अभूतपूर्व प्रतिरोध भी खड़ा होगा. जहां अभूतपूर्व दमन, अत्याचार और अन्याय होगा, वहां उसके खिलाफ ऐसा आंदोलन खड़ा होगा, जैसा हिंदुस्तान के इतिहास ने पहले नहीं देखा. यह दुनिया भर में हो रहा है.
उसी अमेरिका को देखिए, जहां ट्रंप सत्ता में थे. वहां हाल में हुए मध्यावधि चुनावों में क्या हुआ? ट्रंप ने क्या नहीं किया, क्या नहीं कहा! उन्होंने सबके खिलाफ अभियान चलाया. लोगों को घुसपैठिया कहा. अश्वेतों और मुसलमानों के खिलाफ बोला. जिन लोगों को वे विदेशी मूल का या अमेरिकी नहीं मानते थे, उन सबको निशाना बनाया.
वहां पैसे की भी कोई कमी नहीं है. एलन मस्क तो खरबों डाॅलर की संपत्ति वाले व्यक्ति हैं. हिंदी में ट्रिलियनेयर के लिए क्या शब्द होगा, पता नहीं. अरबपति, खरबपति, खरबपति से आगे क्या होता है!
लेकिन देखिए, उसी अमेरिका में एक मुस्लिम सीनेटर बना, अब्दुल अल-सईद. एक अश्वेत महिला गवर्नर बनीं. एक नेटिव अमेरिकन गवर्नर हैं. फिलिस्तीनी मूल की एक महिला न्यूयाॅर्क से सीनेटर बनी हैं. इस तरह अमेरिका के भीतर भी बदलाव दिखाई दे रहा है. और अगर नेतन्याहू चुनाव हार रहा है, तो यह भी उसी व्यापक राजनीतिक बदलाव का हिस्सा है.
इस पूरे आंदोलनकारी दौर में हमें एक ही बात पर जोर देना है: संगठन, संगठन और संगठन. हमें अपने संगठन को और मजबूत बनाना है.
मैं इसी बात के साथ अपनी बात खत्म करूंगा. अभी नवंबर का महीना है और हम शंभू जी को श्रद्धांजलि देने के लिए यहां जमा हुए हैं. एक साल बाद, नवंबर 2027 में, पार्टी का 12वाँ महाधिवेशन होने वाला है. इस पर विस्तार से चर्चा के लिए दिसंबर में भुवनेश्वर में केंद्रीय कमेटी की बैठक होगी. वहां हम पूरी योजना बनाएंगे. लेकिन इतना तय है कि अगले साल नवंबर में हमें धनबाद, झारखंड में पार्टी का महाधिवेशन आयोजित करना है.
हम सब एक संकल्प लें कि पार्टी का अगला महाधिवेशन एक तरह से काॅमरेड शंभू जी को समर्पित होगा. तब तक हम जितने ज्यादा लोगों को पार्टी से जोड़ सकते हैं, जोड़ें. बिहार के हर गांव, हर कस्बे और हर जगह, हर बूथ तक जाएं. लोगों को पार्टी से जोड़ें और इतनी बड़ी सदस्यता लेकर महाधिवेशन में पहुंचें.
हमारे पास इसके लिए पूरा एक साल है. इस दौरान हमें हर मोर्चे पर काम करना है. पार्टी साथियों के शिक्षण-प्रशिक्षण से लेकर संगठन और आंदोलन तक. यह ऐसा संगठन नहीं है जो निठल्ला बैठा रहे. यह गतिशील संगठन है, लड़ने वाला संगठन है, पहल करने वाला और लगातार जूझने वाला संगठन है.
हमें हर तरह से जूझना है. फासीवाद से भी लड़ना है और देश की उन तमाम दूसरी धाराओं को भी साथ लेकर चलना है, जो भले ही फासीवाद से उतनी मजबूती से नहीं लड़ती हों, लेकिन कुछ हद तक उसका विरोध करती हैं. साथ ही, अपनी धारा, अपनी क्रांतिकारी धारा और कम्युनिस्ट विरासत को इस देश में मजबूती से स्थापित करना है.
हमें लगता है कि आज अगर हम यह संकल्प लेकर जाएँ कि धनबाद में होने वाले अगले महाधिवेशन में शंभू जी की पार्टी पूरी मुस्तैदी और मजबूती के साथ उपस्थित होगी, तो इसके लिए हमें आने वाले एक साल में मिलकर पूरी तैयारी करनी होगी.
शंभू जी से कुछ सीखना है तो सबसे पहले यह सीखना होगा कि छोटी-मोटी बातों को अपने रास्ते में नहीं आने देना है. अच्छा लगा, बुरा लगा, ऐसी छोटी-छोटी बातें होती रहती हैं. लेकिन हमारे सामने बड़ा लक्ष्य है. हम कम्युनिस्ट पार्टी में क्यों आए हैं? हम क्रांतिकारी क्यों बने हैं? समाज को बदलने के लिए, क्रांति करने के लिए.
यह बड़ा लक्ष्य कितना दूर है और कब नजदीक आएगा, यह हमें हमेशा पता नहीं होता. यह समय और परिस्थितियों पर निर्भर करता है. लेकिन उस बड़े लक्ष्य को कभी नहीं भूलना है, उसे कभी अपनी नजरों से ओझल नहीं होने देना है. जब हम उसे केंद्र में रखकर आगे बढ़ेंगे, तो बहुत-सी दूसरी बातें गौण और छोटी लगने लगेंगी. छोटी-मोटी बातों के कारण हम अपने बड़े लक्ष्य से विचलित नहीं हो सकते.
कई साथियों ने कहा कि उन्होंने शंभू जी को कभी विचलित होते नहीं देखा. बिल्कुल सही. उनके सामने हमेशा वह दूर का, बड़ा और बुनियादी लक्ष्य रहता था. जब आपने खुद को उस लक्ष्य के लिए समर्पित कर दिया, तो फिर किसी दूसरी चीज को उसके रास्ते में नहीं आने देना है. किसी भी कारण से विचलित नहीं होना है.
यही एक कम्युनिस्ट का समर्पण और प्रतिबद्धता है. इन शब्दों का कोई दूसरा अर्थ नहीं है. प्रतिबद्धता किसी शर्त पर आधारित नहीं होती कि ऐसा होगा, तभी हम प्रतिबद्ध रहेंगे. प्रतिबद्धता का मतलब है निश्शर्त, बिना किसी शर्त के. हम कोई बेल लेकर नहीं चल रहे हैं कि उसके साथ कुछ शर्तें जुड़ी हुई हैं. अगर हम क्रांतिकारी बने हैं, तो बिना किसी शर्त, बिना किसी लोभ-लालच और बिना किसी गारंटी के बने हैं. हम निश्शर्त और निस्वार्थ भाव से पार्टी के लिए आए हैं. यही शंभू जी की पार्टी की पहचान रही है.
हमें भरोसा है कि पूरे बिहार के साथी शंभू जी के इस जज्बे और विरासत से सीखेंगे. पिछले 50-52 वर्षों की उनकी यात्रा से सीखते हुए पार्टी को और ऊंचाई तक ले जाएंगे.
तभी हम काॅमरेड विनोद मिश्र, काॅमरेड जौहर, काॅमरेड चारु मजूमदार, काॅमरेड शंभू जी, काॅमरेड रामनरेश जी, काॅमरेड मास्टर जगदीश, हमारे महेंद्र सिंह और उन तमाम शहीदों तथा दिवंगत नेताओं से कह सकेंगे कि आपने जो पार्टी बनाई थी, वह पार्टी पूरी तरह सुरक्षित है, अपने मिशन पर कायम है, मजबूत हो रही है और आगे बढ़ रही है.
शंभू जी हमारे बीच हमेशा रहेंगे. हमारे हर बढ़ते कदम में उनका अनुभव, उनकी परिपक्वता, उनकी दूरदृष्टि और साथियों के प्रति उनका स्नेह हमारे साथ रहेगा. जिस उत्साह से वे साथियों को आगे बढ़ने की प्रेरणा देते थे, वह भी हमारे बीच बना रहेगा.