वर्ष 35 / अंक - 46-47 / रायचूर: दलितों पर हमले और सामाजिक बहिष्कार के खिला...

रायचूर: दलितों पर हमले और सामाजिक बहिष्कार के खिलाफ ऐतिहासिक संघर्ष

रायचूर: दलितों पर हमले और सामाजिक बहिष्कार के खिलाफ ऐतिहासिक संघर्ष

8 नवंबर 2026 को रायचूर जिले के सिंधनूर में कई दलित और प्रगतिशील संगठनों ने ‘तिदिगोल चलो’ संघर्ष आयोजित किया. यह संघर्ष सिंधनूर तालुक के ही तिदिगोल गांव में दलितों पर हुए अमानवीय हमले और उनके सामाजिक बहिष्कार के खिलाफ था. पार्टी की कर्नाटक राज्य कमेटी के सदस्य और रायचूर जिला सचिव काॅमरेड नागराज पुजार और अन्य साथी इस संघर्ष की अगली कतार में हैं.

जाति की जिस अमानवीय व्यवस्था को बाबासाहेब अंबेडकर ने ‘दिमागी बीमारी’ कहा था, वह भारतीय समाज की एक ऐसी सच्चाई है जिसे रोजमर्रा सामना करना पड़ता है. तात्कालिक ‘वजह’ यह थी कि दलितों ने 18 अक्टूबर 2026 को गांव के अंजनेय मेले में हिस्सा लेने की ‘हिम्मत’ की. ऊंची जाति के मर्दों के एक गिरोह ने उन्हें जुलूस में शामिल होने से रोका, और जब दलितों ने पलटकर सवाल किया, तो दबंग लिंगायत जाति के मर्दों ने उन पर बर्बर हमला कर दिया. एक दलित युवक मदद के लिए चिल्लाते हुए दलित बस्ती (केरी) की ओर भागा, तो सैकड़ों सवर्ण मर्दों ने उसका पीछा किया. बीच-बचाव करने आए पुरुषों, महिलाओं और बुजुर्गों पर भी उन्होंने हमला किया. लेक्चरर श्री तायप्पा और दूसरे पढ़े-लिखे दलित युवकों को खास तौर पर निशाना बनाकर बुरी तरह पीटा गया.

हिंसा के शिकार दलितों पर ही उलटे मुकदमे दर्ज करने का वही पुराना हथकंडा अपनाया गया, और स्थानीय पुलिस ने दलितों की मदद करने के बजाय हमलावरों को बचाने की पूरी कोशिश की. इस जानलेवा हमले को दो हफ्ते बीत चुके हैं, लेकिन मुख्य आरोपी अब तक गिरफ्तार नहीं हुए हैं, जबकि डर के मारे दलित गांव छोड़कर जा चुके हैं. यह सब सीधे-सीधे पुलिस और जिला प्रशासन की घोर लापरवाही का नतीजा है.

इसी संदर्भ में 8 नवंबर को जनसभा और बाइक रैली का ऐलान किया गया था. हैरानी की बात है कि शायद पहली बार किसी दलित संघर्ष के मामले में पुलिस और जिला प्रशासन ने धारा 144 (अब बीएनएसएस की धारा 163) के तहत निषेधाज्ञा जारी कर दी, और सार्वजनिक प्रदर्शन व रैली पर सीधे-सीधे रोक लगा दी.

जिला प्रशासन और पुलिस विभाग की पाबंदियों, निषेधाज्ञा और भारी पुलिस तैनाती के बावजूद हजारों लोग जुटे और एक विशाल बाइक रैली निकाली. दलित संगठन, प्रगतिशील संगठन, मजदूर, किसान, महिलाएं, छात्रा और नौजवान, दलित और दूसरे समुदायों से, रायचूर जिले के हर तालुक और राज्य के अलग-अलग हिस्सों से आकर तिदिगोल गांव के दलितों पर हुए अत्याचार, हमले और सामाजिक बहिष्कार के खिलाफ इंसाफ की इस लड़ाई में शामिल हुए. संगठनों की सांगठनिक ताकत की प्रतीक यह एकजुटता दलित स्वाभिमान की आवाज बन गई.

इस संघर्ष ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि पाबंदियां इंसाफ की हमारी लड़ाई की आवाज को दबा नहीं सकतीं. यह सिर्फ एक गांव की लड़ाई नहीं है. यह जातीय अत्याचार, छुआछूत और सामाजिक बहिष्कार के खिलाफ स्वाभिमान और संवैधानिक अधिकारों की लड़ाई है. 


14 November, 2026