वर्ष 35 / अंक - 33 / काॅमरेड आरएन सिंह को लाल सलाम !

काॅमरेड आरएन सिंह को लाल सलाम !

काॅमरेड आरएन सिंह को लाल सलाम!

भाकपा(माले) की झारखंड राज्य कमेटी के वरिष्ठ नेता काॅमरेड आरएन सिंह का 10 अगस्त की सुबह रांची के एक अस्पताल में निधन हो गया. काॅमरेड आरएन सिंह पिछले चार दशकों से पलामू क्षेत्र में पार्टी के सबसे प्रतिबद्ध और समर्पित नेताओं में से एक रहे. हाल के वर्षों में वे पार्टी के रांची मुख्यालय से काम कर रहे थे. अपनी मृत्यु से ठीक एक दिन पहले, उन्होंने जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में छात्र-युवाओं के विरोध प्रदर्शन स्थल का दौरा किया था. वे अपने अंतिम दिनों तक लोगों के संघर्षों के साथ मजबूती से खड़े रहे.

उन्होंने एक साधारण किसान परिवार में जन्म लिया, 12वीं तक की पढ़ाई की. पांकी में तब सामंती शक्तियां आम ग्रामीणों की जमीन व इज्जत पर अपना नैसर्गिक अधिकार समझती थी. इनका पहला सामना गांव के ही सामंती शक्तियों से हुआ और इसी क्रम में वे भाकपा(माले) (तब आइपीएफ) से जुड़ने को प्रेरित हुए.

पार्टी से जुड़ने के साथ ही उन्होंने पूरे समाज में व्याप्त सामंत-पूंजीपति गठजोड़ को गहराई से समझा और शहीद भगत सिंह की तरह एक पेशेवर क्रांतिकारी व समर्पित मार्क्सवादी जिंदगी की शुरुआत की.

क्रांतिकारी जीवन के शुरुआत में ही उन्होंने त्याग की अमिट मिशाल कायम किया जब काॅमरेड महेश्वर जी के लिए इन्होंने अपनी एक किडनी दान दे दिया. यह कदम काॅमरेड का कोई दुस्साहस नहीं था, बल्कि पार्टी के संघर्ष के प्रति उनका अटूट विश्वास था. उनकी अगुआई में चले आंदोलन के जरिए पार्टी ने पांकी, भवनाथपुर और मनिका विधानसभा में जबरदस्त जनसमर्थन हासिल किया. उन्होंने सैकड़ों आंदोलनों का नेतृत्व किया, दर्जनों बार जेल भी गये.

इस सांप्रदायिक फासीवादी दौर में, जब पूरा देश संकट से गुजर रहा है, शिक्षा, रोजगार और भ्रष्टाचार के सवालों पर सांप्रदायिक नफरत का बुलडोजर चलाया जा रहा है और आजादी के बाद मिले अधिकारों के साथ ही संविधान को भी रौंदा जा रहा है, उनका निधन पार्टी और जन-आंदोलन के लिए एक अपूरणीय क्षति है. काॅमरेड आरएन सिंह की असीम ऊर्जा और जनता के प्रति अप्रतिम समर्पण से साहस लेकर हमें उनके सपनों को साकार करने का संकल्प लेने हेतु 23 अगस्त को रांची में उनकी श्रद्धांजलि सभा आयोजित होगी. शोषितों के हक के लिए उनकी अटूट प्रतिबद्धता, साहस और जीवन भर का समर्पण हमें प्रेरित करता रहेगा.

काॅमरेड आरएन सिंह अमर रहें!

15 August, 2026