वर्ष 35 / अंक - 36 / मुसहर बस्ती पर बुलडोजर कार्रवाई के विरोध में प्रदर...

मुसहर बस्ती पर बुलडोजर कार्रवाई के विरोध में प्रदर्शन

मुसहर बस्ती पर बुलडोजर कार्रवाई के विरोध में प्रदर्शन

28 अगस्त 2026 को समस्तीपुर जिले के ताजपुर प्रखंड के फतेहपुर पंचायत के वार्ड संख्या 3 मुसहरी में सरकारी जमीन पर पुश्तैनी रूप से बसे मुसहर परिवारों – सीताराम सदा, बाबूलाल सदा, सितबिया देवी, सुरेश सदा आदि – के घरों को प्रशासन द्वारा जेसीबी से ध्वस्त कर दिया गया. भूमाफिया के इशारे पर एक व्यक्ति विशेष के जमीन के रुख को खोलने के उद्देश्य से यह कार्रवाई की गई और स्थानीय सीओ आरती कुमारी ने खुद इसका नेतृत्व किया. इस जमीन पर वर्षों से बसे मुसहर परिवारों को बिना पूर्व सूचना भी नहीं दी गई.

जिस जमीन पर कार्रवाई की गई, उसके संबंध में किसी सरकारी निर्माण या सार्वजनिक परियोजना के लिए उपयोग का कोई प्रशासनिक निर्णय नहीं लिया गया है. प्रशासन ने कार्रवाई के लिए रक्षाबंधन का दिन चुना, जब अधिकांश लोग घरों से बाहर थे. जब स्थानीय लोग विरोध के लिए एकजुट होने लगे तो प्रशासनिक अधिकारी और कर्मी घटनास्थल से लौट गए.

इस मुसहरी में पुस्तैनी रूप से बसे परिवारों को रैयती पर्चा देने, भूमिहीनों को वासभूमि एवं आवास उपलब्ध कराने, सरकारी जमीन पर बसे गरीबों को पर्चा देने तथा दलित-गरीब गांव-टोले में पहुंचपथ की व्यवस्था करने की मांग को लेकर गुरुवार 3 सितंबर 2026 को भारी वर्षा के बीच भाकपा(माले) व खेग्रामस के बैनर तले समस्तीपुर में सैकड़ों लोगों की भागीदारी के साथ जुलूस निकालकर अनुमंडल कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया गया.

कार्यकर्ताओं ने सरकारी बस स्टैंड से जुलूस निकाला, जो स्टेडियम गोलंबर, समाहरणालय समेत विभिन्न मार्गों से होते हुए अनुमंडल कार्यालय पहुंचा. वहां प्रदर्शनकारियों ने मुख्य द्वार के समक्ष नारेबाजी करते हुए धरना-प्रदर्शन किया और करीब एक घंटे तक मुख्य गेट को जाम रखा.

प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि फतेहपुर मुसहरी में भूमाफियाओं के इशारे पर बुलडोजर चलाकर गरीबों के आशियाने उजाड़े गए, डूबाऊ गड्डा खोद दिया गया तथा बहा (जल निकास मार्ग) बंद कर दिया गया. उन्होंने इस मामले में ताजपुर अंचलाधिकारी आरती कुमारी के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की.

खेग्रामस प्रखंड सचिव प्रभात रंजन गुप्ता की अध्यक्षता प्रखंड सचिव सुरेंद्र प्रसाद सिंह के संचालन में आयोजित प्रदर्शन को खेग्रामस के जिला सचिव जीवछ पासवान, जिला अध्यक्ष उपेन्द्र राय, किसान नेता ब्रह्मदेव प्रसाद सिंह, मनोज कुमार सिंह, रंजीता देवी, सुमित्रा देवी, सहदेव सदा, अनिल कुमार सिंह, रामविनोद पासवान, विश्वनाथ सिंह हजारी, शाहिद हुसैन समेत अन्य वक्ताओं ने संबोधित किया.

प्रदर्शनकारियों ने मौके पर तैनात दंडाधिकारी के माध्यम से अनुमंडल पदाधिकारी को पांच सूत्री मांगपत्र सौंपा और मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं होने की स्थिति में 23 सितंबर से जिलाधिकारी कार्यालय के समक्ष अनिश्चितकालीन आमरण अनशन शुरू करने की चेतावनी दी.


05 September, 2026