झारखंड के सरिया में (गिरिडीह जिला) 21-22 नवंबर 2026 को अखिल भारतीय खेत एवं ग्रामीण मजदूर सभा (खेग्रामस) का 8वां राष्ट्रीय सम्मेलन संपन्न हुआ. बुलडोजर राज के खिलाफ वास-आवास, शिक्षा-रोजगार, न्यूनतम मजदूरी, सरकारी जमीन पर बसे लोगों के लिए वास का स्थाई पर्चा देने, प्रवासी श्रमिकों के सुरक्षा के लिए सभी राज्यों में आयोग गठित करने आदि सवालों को लेकर ग्रामीण मजदूरों को संगठित कर निर्णायक संघर्ष की रूपरेखा बनाना इस सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य था.
महीनो तक चली जोरदार तैयारी
काॅ. महेंद्र सिंह नगर (सम्मेलन स्थल का नाम), काॅ. स्वदेश भट्टाचार्य सभागार (सभागार का नाम) व गुरनाम सिंह दाऊद मंच (सम्मेलन के मंच का नाम) में संपन्न होने वाले सम्मेलन की तैयारी में बगोदर विधानसभा सहित पूरे गिरिडीह जिले और झारखंड के साथी महीनों से लगे थे. पिछले महीनों गांव-गांव जाकर 65 हजार ग्रामीण मजदूरों को संगठन का सदस्य बनाया गया था और सम्मेलन से 10 दिन पहले से ही सरिया बाजार को लाल झंडों से पाट दिया गया था. इससे पूरे शहर में उत्साह व उत्सव का माहौल बन गया. इस माहौल को देखते हुए शहर के दुकानदारों व ब्यवसायियों ने भी भरपूर सहयोग किया. किसी ने आर्थिक मदद की, किसी से राशन का सामान देकर सहयोग किया, किसी ने प्रतिनिधि साथियों के रुकने के लिए जगह मुहैया कराया, बारिश की संभावना को देखते हुए किसी ने छाता देकर सहयोग किया तो किसी ने मेडिकल कैंप लगा कर. सम्मेलन स्थल को शहीद बेदी व दुनिया भर में चल रहे अधिकार के लिए आंदोलन के नारों वो पोट्रेट से सजाया गया. जो आकर्षण का केंद्र रहा.
15 राज्यों से 938 प्रतिनिधि, 150 आब्जर्वर और 50 अतिथि सम्मेलन में पहुंचे. सम्मेलन में भाग लेने आए प्रतिनिधियों एवं अतिथियों के स्वागत के लिए हजारीबाग रोड स्टेशन पर स्वागत बूथ लगाया गया था.
विशाल मार्च के साथ हुई शुरूआत
पूर्व योजना के अनुसार सम्मेलन की शुरूआत हजारीबाग रोड स्टेशन से मार्च निकाल कर और ठाकुरबाड़ी मैदान में संकल्प सभा आयोजित कर की गयी. दिन के 12 बजे सरिया स्टेशन परिसर से भाकपा(माले) महासचिव काॅमरेड दीपंकर भट्टाचार्य, खेग्रामस राष्ट्रीय महासचिव धीरेंद्र झा व राष्ट्रीय अध्यक्ष सत्यदेव राम, सम्मानित अध्यक्ष श्रीराम चोधरी, तिरुपति गोमांगो (ओडिशा), राजेश सहनी, जीरा भारती, श्रीराम कुशवाहा (यूपी), जी. सत्यनारायण, सन्यासी राव (आंध्र), सजल अधिकारी, सजल पाल, बबलू बनर्जी, देवयानी गोस्वामी (पश्चिम बंगाल), जानकी रमन, महिपाल सिंह, सुदर्शन सिंह, गोविंद मानसा (पंजाब), अरूप, बर्द्धन, आईफा (असम), माणिक पाल (त्रिपुरा), श्याम गोहिल (महाराष्ट्र), कुंदन (हरियाणा), भाकपा(माले) के झारखंड राज्य सचिव मनोज भक्त, उत्तरी छोटानागपुर पार्टी प्रभारी जनार्दन प्रसाद, पोलित ब्यूरो सदस्य व पूर्व विधायक विनोद सिंह, पूर्व विधायक राजकुमार यादव, निरसा विधायक अरूप चटर्जी, खेग्रामस के झारखंड राज्य सचिव सीताराम सिंह व अध्यक्ष देवकी नंदन बेदिया आदि नेताओं के नेतृत्व में हजारों लोगों का यह जुलूस चल रहा था. जुलूस में लगाए गए नारों, जैसे – बुलडोजर राज नहीं चलेगा, सभी गरीबों के लिए वास-आवास की गारंटी करो, न्यूनतम मजदूरी लागू करो, 8 घंटा काम के अधिकार पर हमले नहीं सहेंगे, प्रवासी मजदूरों के सामाजिक सुरक्षा के लिए सभी राज्यों में आयोग गठित करो! आदि से पूरा इलाका गूंज उठा. खराब मौसम के बाबजूद तीन हजार से ज्यादा स्थानीय लोग मार्च में शामिल हुए और उससे भी ज्यादा सीधे सभा स्थल पहुंचे.
ठाकुरबाड़ी मैदान में आयोजित हुई सभा
यह मार्च अनुशासित तरीके के कतारबद्ध होकर नारे लगाते हुए ठाकुरबाड़ी मैदान पहुंचा, जहां संकल्प सभा आयोजित हुई. सभा का संचालन भाकपा(माले) के पोलित ब्यूरो सदस्य व बगोदर के पूर्व विधायक विनोद सिंह ने किया. भाकपा(माले) महासचिव काॅमरेड दीपंकर भट्टाचार्य, आरा के सांसद काॅमरेड सुदामा प्रसाद के साथ ही कई राज्य नेताओं ने भी सभा को संबोधित किया.
सभा की समाप्ति के बाद शाम 5 बजे शहीद बेदी पर माल्यार्पण हुआ और काॅमरेड स्वदेश भट्टाचार्य सभागार में काॅमरेड श्वेता द्वारा शोक संकल्प पढ़ने के साथ सम्मेलन के खुले सत्र की शुरुआत हुई. सम्मेलन ने संचालन के लिए ग्यारह-सदस्यीय अध्यक्ष मंडल और सात-सदस्यीय सहायक टीम का गठन किया गया था.
ऑल इंडिया स्कीम वर्कर्स फेडरेशन की राष्ट्रीय महासचिव व बिहार की एमएलसी का. शशि यादव, ऐक्टू नेता काॅ. शुभेंदु सेन, ऐपवा नेत्री काॅ. सोहिला गुप्ता, आरवाइए के राष्ट्रीय महासचिव काॅ. नीरज कुमार, किसान महासभा के नेता काॅ. शिवसागर शर्मा और झारखंड की स्कीम वर्कर्स व ऐपवा नेता काॅ. गीता मंडल ने इस खुले सत्र को संबोधित करते हुए सम्मेलन की सफलता की शुभकामनाएं दीं.
इसके साथ ही प्रमुख वक्ताओं के रूप में मुख्य रूप से प्रो. डी. एम. दिवाकर, ज्यां द्रेज और काॅ. दीपंकर भट्टाचार्य ने भी इस खुले सत्र को संबोधित किया.
खुले सत्र के बाद हुए सांस्कृतिक सत्र में देश भर के अलग-अलग राज्यों से आए सांस्कृतिक टीमों ने अपने गाने प्रस्तुत किए.
प्रतिनिधि सत्र
सम्मेलन के प्रतिनिधि सत्र की शुरुआत विदाई कमेटी के महासचिव काॅ. धीरेन्द्र झा द्वारा कामकाज की रिपोर्ट प्रस्तुत करने के साथ हुई. इस पर दूसरे दिन शुरू हुई चर्चा में 45 प्रतिनिधियों ने अपनी बात रखी. चर्चा का समाहार करते हुए का. धीरेन्द्र झा ने बताया कि हमारे संघर्ष को जनता का मजबूत और उत्साहवर्धक समर्थन मिल रहा है. 936 प्रतिनिधियों ने जो समाज के सबसे कमजोर तबकों के हितों का प्रतिनिधित्व करते हैं, इस सम्मलेन में भाग लिया. यह बढ़ता समर्थन जनआंदोलनों और संघर्षों की विरासत, विशेष रूप से तेलंगाना आंदोलन और नक्सलबाड़ी आंदोलन की विरासत, को दर्शाता है. हमारे आंदोलनों ने समाज के शोषित और वंचित वर्गों की राजनीतिक चेतना और सामूहिक संघर्षों को आकार देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है. यह बढ़ता जनसमर्थन इन संघर्षों की निरंतर प्रासंगिकता को और देश भर के जनांदोलनों को एकजुट करने के लिए एक व्यापक मंच बनाने की आवश्यकता को दर्शाता है.
उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम और भारतीय संविधान का निर्माण एक ऐसे देश की परिकल्पना से प्रेरित था जहां राजनीतिक स्वतंत्रता के साथ-साथ सामाजिक और आर्थिक समानता भी हो. केवल राजनीतिक स्वतंत्रता लोकतंत्र को मजबूत नहीं कर सकती, जबतक कि समाज के सभी वर्गों को समानता, न्याय और सम्मान की गारंटी न दी जाए. संविधान सभा में डाॅ. बी. आर. अम्बेडकर ने स्पष्ट रूप से चेतावनी दी थी कि यदि राजनीतिक समानता और सामाजिक-आर्थिक असमानता के बीच का यह विरोधाभास लंबे समय तक बना रहा, तो यह भारतीय लोकतंत्र को खतरे में डाल सकता है.
उनकी यह चेतावनी वर्तमान राजनीतिक संदर्भ में विशेष रूप से प्रासंगिक है. आरएसएस और हिंदू महासभा की विचारधारा ऐतिहासिक रूप से स्वतंत्रता आंदोलन और संविधान के लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत रही है. आज इस विचारधारा के बढ़ते राजनीतिक प्रभाव के साथ, संविधान, लोकतांत्रिक संस्थानों और नागरिकों के अधिकारों पर हमले तेज हो गए हैं. स्वतंत्रता संग्राम ने जिस समानता, सामाजिक न्याय और लोकतांत्रिक अधिकारों पर आधारित एक भारत की कल्पना भी की थी, आज उसी को कमजोर करने के प्रयास किए जा रहे हैं. फासीवादी राजनीति, सामंती सामाजिक ढांचे और काॅर्पाेरेट वर्चस्व को एक बार फिर मजबूत किया जा रहा है. मुट्टी भर काॅर्पाेरेट घराने देश के प्राकृतिक संसाधनों – जिनमें जंगल, नदियां, पहाड़, समुद्र और अन्य सार्वजनिक संपत्तियां शामिल हैं – पर तेजी से अपना नियंत्रण स्थापित कर रहे हैं. ‘करोड़ों सपने आपकी मुट्टी में’ के विज्ञापन ने आज एक अलग राजनीतिक-आर्थिक अर्थ ग्रहण कर लिया है. इस चुनौती का सामना करने के लिए व्यापक जनसंगठनों और एक मजबूत लोकतांत्रिक आंदोलन के निर्माण की जरूरत है.
उन्होंने कहा कि विभिन्न राज्यों में हमारे आंदोलन और संगठन का विस्तार हो रहा है. नए साथी, संगठन और विभिन्न राजनीतिक पृष्ठभूमि के लोग हमारे सामूहिक संघर्ष में शामिल हो रहे हैं. पंजाब में लगभग 33,000 साथियों को हमारे व्यापक आंदोलन से जोड़ने की पहल संगठनात्मक विस्तार में एक महत्वपूर्ण कदम है. झारखंड में ऐसे साथियों और संगठनों के साथ समन्वय उभर रहा है जिनका कोयला मजदूरों, गरीब आदिवासियों और श्रमिक वर्ग के अन्य तबकों के बीच काम करने का लंबा इतिहास रहा है. वाराणसी और पूर्वांचल क्षेत्र में लाल झंडा आंदोलन से जुड़े साथी ग्रामीण गरीबों, खेतिहर मजदूरों और ग्रामीण श्रमिकों के बीच काम को आगे बढ़ा रहे हैं. महाराष्ट्र में किसानों, ग्रामीण मजदूरों और गरीबों के मुद्दों पर संगठनात्मक कार्य का विस्तार करने के अवसर मौजूद हैं. गुजरात, आंध्र प्रदेश, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और असम में भी आंदोलनात्मक-संगठनात्मक गतिविधियां गति पकड़ रही हैं. इस प्रकार, देश के विभिन्न हिस्सों में हमारा काम फैल रहा है. यह इस सम्मेलन की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है. इस विस्तार को टिकाऊ और प्रभावी बनाने के लिए, हमें अपने संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करना होगा, एक साझा राजनीतिक समझ विकसित करनी होगी, सभी राज्यों के बीच नियमित समन्वय स्थापित करना होगा और विभिन्न क्षेत्रों में चल रहे संघर्षों को एक व्यापक राष्ट्रव्यापी आंदोलन से जोड़ना होगा.
कहा कि दुनिया भर में बढ़ते युद्धों और साम्राज्यवादी हस्तक्षेपों का प्रभाव केवल सीधे तौर पर संघर्ष से प्रभावित देशों तक ही सीमित नहीं है. ईरान, इजरायल और संयुक्त राज्य अमेरिका से जुड़े संघर्ष के साथ-साथ गाजा पर हो रहे हमलों के व्यापक आर्थिक और मानवीय परिणाम हैं. तेल और गैस की कीमतें, खाद्य पदार्थों के मूल्य, रोजगार और अंतर्राष्ट्रीय व्यापार – सभी इससे प्रभावित हो रहे हैं. जब भी कोई वैश्विक संकट आता है, तो उसका सबसे भारी बोझ भारत जैसे देशों के गरीबों और श्रमिक वर्ग पर पड़ता है. कोविड-19 महामारी के दौरान भी हमने इसे देखा है.
उन्होंने बताया कि युद्ध की वजह से मजदूरों को रोजगार, भोजन, आवास और परिवहन से जुड़े गंभीर संकटों का सामना करना पड़ रहा है. गुजरात और देश के कई अन्य हिस्सों में मजदूरों को रसोई गैस की इतनी गंभीर कमी का सामना करना पड़ा कि उन्हें अपना भोजन पकाने के लिए जलाऊ लकड़ी पर निर्भर रहना पड़ा. इसी तरह, विदेशों में कार्यरत भारतीय मजदूर भी वैश्विक आर्थिक संकटों और संघर्षों से प्रभावित हो रहे हैं. जब अर्थव्यवस्थाएं कमजोर होती हैं, कंपनियां बंद होती हैं और रोजगार के अवसर समाप्त होते हैं, तो लाखों मजदूरों के सामने आजीविका का संकट खड़ा हो जाता है. ग्रामीण गरीब परिवारों, विशेष रूप से महिलाओं पर माइक्रोफाइनेंस के कर्ज का बोझ एक गंभीर चिंता का विषय बनकर उभरा है. महिलाएं अक्सर अपनी बुनियादी जरूरतों को पूरा करने के लिए छोटे-छोटे कर्ज लेती हैं लेकिन नियमित आय और रोजगार के अभाव में इन कर्जों को चुकाने में असमर्थ रहती हैं. ब्याज की किश्तें और रिकवरी एजेंटों का दबाव परिवारों की आर्थिक स्थिति को और खराब कर देता है. बिहार, उत्तर प्रदेश और कई अन्य राज्यों से कर्ज और आर्थिक तंगी से जुड़ी आत्महत्याओं की खबरें सामने आई हैं. यह केवल व्यक्तिगत कर्जदारी का मुद्दा नहीं है बल्कि यह ग्रामीण अर्थव्यवस्था के गहरे संकट, गरीबी और सामाजिक सुरक्षा प्रणालियों की विफलता का प्रमाण है.
उन्होंने कहा, ‘वहीं दूसरी ओर, हजारों करोड़ रुपये के बड़े काॅर्पाेरेट कर्जों को माफ करने या बट्टे खाते में डालने के उदाहरण लगातार सामने आ रहे हैं. इससे एक बुनियादी सवाल उठता है कि यदि बड़े उद्योगपतियों और काॅर्पाेरेट घरानों को राहत दी जा सकती है, तो गरीब महिलाओं और परिवारों के कर्ज माफ क्यों नहीं हो सकते? हमें माइक्रोफाइनेंस कर्ज के मुद्दे को एक व्यापक जन-आंदोलन बनाना चाहिए. इसके लिए हमें महिलाओं के अनुभवों, वास्तविक कर्जदारी के प्रमाणों और ग्रामीण परिवारों द्वारा झेली जा रही आर्थिक तंगी के आधार पर अभियान और नीतिगत हस्तक्षेप तैयार करने होंगे और गरीब परिवारों और महिलाओं के लिए 2 लाख रुपये तक की कर्ज माफी की मांग को प्रमुखता से उठाना होगा. साथ ही बिहार, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और अन्य आर्थिक रूप से पिछड़े क्षेत्रों से जो लाखों मजदूर विभिन्न राज्यों में पलायन करते हैं, उन प्रवासी मजदूरों की चिंताओं को भी हमारे आंदोलन का केंद्रीय मुद्दों में शामिल करना होगा.
सम्मेलन का अंतिम सत्र
का. जनार्दन प्रसाद, संतोष सहर और अनिल अंशुमन की 3 सदस्यीय आब्जर्वर टीम की देखरेख में नई कमेटी का चुनाव किया गया. सम्मेलन ने अपना 223 सदस्यीय नेशनल काउंसिल और 91 सदस्यीय राष्ट्रीय कार्यकारिणी का चुनाव किया. नेशनल काउंसिल ने सर्व सम्मति से काॅमरेड धीरेंद्र झा को अपना राष्ट्रीय महासचिव और काॅमरेड सत्यदेव राम को राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना.
सम्मेलन के आखिर में नई कमेटी ने इस शानदार आयोजन को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाने वाले सभी स्वयंसेवक साथियों व उनके नेतृत्वकर्ताओं – भोला मंडल, मनोज पाण्डेय, पवन महतो, अंकुर, सोनू पाण्डेय आदि को लाल गमछा देकर सम्मानित किया. इस शानदार आयोजन के लिए सम्मेलन से नवनिर्वाचित अध्यक्ष काॅ. सत्यदेव राम व महासचिव काॅ. धीरेंद्र झा ने झामस (झारखंड में खेग्रामस का नाम झारखंड मजदूर सभा है) के राज्य सचिव काॅ. सीताराम सिंह और भाकपा(माले) नेता जनार्दन प्रसाद, विनोद सिंह व नीरज कुमार के नेतृत्व में मेजबानी कर रहे सभी कमिटियों व साथियों के प्रति आभार व्यक्त किया.
सम्मेलन ने सर्वसम्मति से 26 नवंबर को, जो सामाजिक बदलाव के नायक व खेग्रामस के संस्थापक अध्यक्ष काॅमरेड रामनरेश राम का स्मृति दिवस है, हर साल देशव्यापी गरिमा दिवस और 7 मई, जिस दिन कोरोना के दौरान अपने घर लौट रहे मजदूरों की रेलवे लाइन पर मौत हुई, को प्रवासी मजदूर अधिकार दिवस के रूप में मनाने का फैसला लिया. 10 लाख की सदस्यता पर संपन्न हुए इस सम्मेलन ने अगले 3 महीने में सभी बकाया राज्य सम्मेलन कर लेने और सदस्यता को 10 लाख से 15 लाख तक पहुंचने का निर्णय लिया है. हम होंगे कामयाब के गान के साथ सम्मेलन संपन्न हुआ.
सम्मेलन के शानदार आयोजन ने पूरे इलाके में ग्रामीण मजदूरों के बीच एक नई ऊर्जा का संचार किया है. आने वाले दिनों में बुलडोजर राज के खिलाफ वास-आवास, शिक्षा-रोजगार, न्यूनतम मजदूरी, सरकारी जमीन पर बसे लोगों के लिए वास का स्थाई पर्चा देने, प्रवासी श्रमिकों के सुरक्षा के लिए सभी राज्यों में आयोग गठित करने आदि सवालों पर संगठित होकर निर्णायक आंदोलन खड़ा करने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा.
***
हम सब इस देश के लिए लड़ेंगे, अपना सारा हक-अधिकार हासिल करेंगे
-- दीपंकर भट्टाचार्य
आज हमें कामरेड मंजू की याद आ रही है, जिनकी संगठन के स्थापना सम्मेलन की तैयारी के दौरान, बिहार के अरवल जिले में सामंती ताकतों ने हत्या कर दी थी. तमाम हिंसा, दमन, उसको धता बताते हुए वह सम्मेलन हुआ था और उसी से पूरे देश के खेत मजदूरों को एक दिशा मिली.
आज से 30 साल पहले, सब लोगों ने मिलकर के देश में ग्रामीण मजदूरों के लिए रोजगार गारंटी कानून बनाया था. अब इस मोदी सरकार ने उस कानून को भी खत्म कर दिया है और राम के नाम पर एक ऐसा कानून ला दिया है, जिसमें कहीं मजदूरों के लिए मजदूरी की गारंटी नहीं है, काम मिलने की कोई गारंटी नहीं.
भाजपा के लोग बात-बात पर राम का नाम लेते हैं लेकिन वे राम का नाम लेकर कोई अच्छा काम करें, तो बात समझ में भी आती. वे राम के नाम पर मंदिर बना करके वहां चंदा व चढ़ावा चोरी करवाते हैं और राम के नाम पर कानून बना कर गांव के गरीबों का रोजगार और मजदूरी छीनने का काम करते हैं. देश में गांव के गरीबों को एक बार फिर से एकजुट होकर इनसे लड़ना होगा.
झारखंड खनिज संपदा से भरा हुआ प्रदेश है. झारखंड, उड़ीसा, छत्तीसगढ़ और अन्य प्रदेशों में जो खनिज संपदा व खदान है, वह भी हमारा है. जल, जंगल, जमीन व खनिज संपदा पर वहां की जनता का हक बनना चाहिए. लेकिन वे जनता का हक छीन कर सब कुछ अडानी और अंबानी को दे देना चाहते हैं.
सुप्रीम कोर्ट ने कहा था कि इन संपदाओं से जो राजस्व मिलता है, उस पर राज्य सरकारों का भी हक होगा. राज्य सरकारों को जब अपने हिस्से का राजस्व मिलेगा तो वह गांव के गरीबों, बेरोजगार युवाओं और आदिवासियों के कोई योजना बनाएगी. झारखंड की जो खनिज संपदा है, उससे मिलने वाला जो राजस्व है, उससे सबसे पहले झारखंड को फायदा होना चाहिए. झारखंड के गरीबों व आदिवासियों को फायदा होना चाहिए. लेकिन मोदी सरकार ने सुप्रीम कोर्ट के इस आदेश को धता बताते हुए एमएमडीआर कानून ला दिया जिसमें झारखंड, छत्तीसगढ़ और उड़ीसा जैसे राज्यों का हक और आदिवासियों का हक छीना जा रर्हा और देश की खनिज और उस पर होने वाले आमदनी पर पूरी तरह से अडानी और अंबानी जैसे बड़े काॅर्पाेरेट घरानों का कब्जा कायम किया जा रहा है.
पिछली एक तारीख (1 अक्टूबर) को रामलीला मैदान में हुई ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ में विपक्ष के सभी दलों ने एकजुट होकर ‘वोट बचाओ और देश बचाओ’ नारे के साथ वहां बड़ी सभा की. हमारा रोजगार तो छीन लिया, जमीन छीन ली गई, काम छीन लिया गया. लेकिन 2024 में जब मोदी का ‘400 पार’ का नारा जनता ने फेल दिया और उनको 240 पर लाकर के सीमित कर दिया तब उन्होंने अयोध्या मंदिर बनाया. उनको लगा कि मंदिर के नाम पर वोट मिल जाएगा, लेकिन मंदिर के नाम पर अयोध्या में भी वोट नहीं मिला और वहां से भी अवधेश प्रसाद नाम के एक दलित सांसद चुन करके चले गए. इससे उनको पूरी तरह से लग गया कि आने वाले दिन में बड़ा खतरा है. इसीलिए उन्होंने पूरे देष में ‘नोटबंदी’ की तर्ज पर ‘वोट बंदी’ का मुहिम छेड़ दिया जिसका नाम है एसआईआर. 2024 में जो मतदाता सूची थी, उसमें 100 करोड़ के आसपास वोटर थे. उस 100 करोड़ में से 13-14 करोड़ लोगों (13-14) प्रतिशत लोगों का नाम वोटर लिस्ट से बाहर कर दिया गया. झारखंड में भी एसआईआर चल रहा है और आप देख रहे हैं कि एसआईआर का मतलब क्या है. सबसे पहले गरीबों का वोट जाएगा, फिर मजदूर जो प्रदेश से पलायन करने के लिए मजबूर हैं, उन प्रवासी मजदूरों का वोट जाएगा, महिलाएं जो शादी के बाद अपना घर छोड़कर के ससुराल में आ गई हैं, उनका कहीं नाम बदल गया, कहीं पता बदल गया, उन महिलाओं का नाम जाएगा. आदिवासियों का, दलितों का नाम जाएगा, गरीबों का नाम जाएगा, और मुसलमानों का नाम जाएगा. इसीलिए पूरे देश में आज अपना वोट जो बुनियादी हमारा अधिकार था, को बचाने के लिए, बड़ा आंदोलन हो रहा है.
खेत मजदूर संगठन जो आज सिर्फ खेत मजदूरों के लिए नहीं, बल्कि ग्रामीण मजदूरों के लिए भी है. इसीलिए इसका नाम है – खेत एवं ग्रामीण मजदूर सभा. झारखंड में यह झारखंड मजदूर सभा, पंजाब में मजदूर मुक्ति मोर्चा व देहाती मजदूर सभा और पूरे देश के पैमाने पर आज अखिल भारतीय खेत एवं ग्रामीण मजदूर सभा के नाम से जाना जाता है. इसका सम्मेलन सफल हो, आप सब लोगों की एकता इसी तरह से बनी रहे, आपकी ताकत बढ़े और आप सब इस देश के लिए लड़ करके अपना वोट, अपना संविधान, अपनी पहचान, अपना सारा हक हासिल करें.
सम्मेलन से पारित प्रस्ताव
- दुनिया भर में चल रहे युद्ध-विरोधी, साम्राज्यवाद-विरोधी और काॅर्पाेरेट लूट-विरोधी आंदोलनों के प्रति हम एकजुटता प्रदर्शित करते हैं.
- यह सम्मेलन 49.65 करोड़ लोगों के गरीबी रेखा से ऊपर उठने संबंधी सरकारी दावे को पूर्णतः खारिज करता है. गरीबी उन्मूलन के संबंध में ये आंकडें भ्रामक एवं वास्तविक परिस्थितियों से बिलकुल ही अलग है.
- खाद्य सुरक्षा पर खतरे की आशंका को देखते हुए यह सम्मेलन एथेनाॅल उत्पादन करने वाली कंपनियों को चावल एवं मक्का जैसे प्रमुख खाद्यान्नों की सरकारी भंडार से सस्ते दरों पर आपूर्ति तत्काल बंद करने की मांग करता है.
- आधार कार्ड के स्थान पर मतदाता पहचान पत्र को प्राथमिकता देने तथा मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान नामों को हटाए जाने की प्रक्रिया पर यह सम्मेलन गंभीर चिंता व्यक्त करता है. सम्मेलन मांग करता है कि SIR से नाम हटाए जाने के आधार पर किसी भी व्यक्ति को उसके संवैधानिक एवं नागरिक अधिकारों से वंचित न किया जाए.
- सीलिंग, बंजर एवं पोखर की भूमि पर वर्षों से बसे गरीबों एवं भूमिहीन परिवारों को उजाड़ने की कार्रवाई पर तत्काल रोक लगाई जाए.
- भारतीय संविधान में निहित मानवीय गरिमा एवं सम्मानपूर्वक जीवन जीने के अधिकार की रक्षा के लिए प्रत्येक नागरिक को शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार एवं आवास की गारंटी सुनिश्चित की जाए.
- देश में जातीय जनगणना समयबद्ध, पारदर्शी एवं व्यापक रूप से कराए जाने की संवैधानिक एवं नीतिगत गारंटी सुनिश्चित की जाए.
- पीस बाॅन्ड भरवाकर उन्हें आंदोलन एवं विरोध-प्रदर्शन के लोकतांत्रिक अधिकार से वंचित करने की कार्रवाई की यह सम्मेलन कड़ी भर्त्सना करता है. शांतिपूर्ण ढंग से अपनी मांगों को उठाना एवं विरोध दर्ज करना प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक एवं लोकतांत्रिक अधिकार है. इस अधिकार के दमन के उद्देश्य से पीस बाॅन्ड भरवाने तथा प्रशासनिक दबाव बनाने की कार्रवाइयों पर तत्काल रोक लगाई जाए.
- यह सम्मेलन मांग करता है कि शिक्षण संस्थानों में जातिगत भेदभाव एवं उत्पीड़न के विरुद्ध सख्त कानूनी प्रावधानों को प्रभावी ढंग से लागू किया जाए तथा दोषियों की जवाबदेही सुनिश्चित की जाए. साथ ही, न्ळब के जाति-आधारित भेदभाव एवं उत्पीड़न की रोकथाम संबंधी विनियमों को प्रभावी रूप से लागू किया जाए.
- वर्ष 2027 में महात्मा ज्योतिबा फुले की 200वीं जयंती, महाड़ सत्याग्रह के 100 वर्ष एवं मनुस्मृति दहन के 100 वर्ष पूर्ण होने के ऐतिहासिक अवसर पर पूरे वर्ष व्यापक जन-अभियान चलाया जाए. यह सम्मेलन संकल्प लेता है कि सामाजिक परिवर्तन के आंदोलनों के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए देशव्यापी कार्यक्रम, सभाएं, सम्मेलन, विचार गोष्ठियां एवं जनजागरण अभियान आयोजित किए जाए.
- प्रवासी मजदूरों के अधिकारों, सुरक्षा एवं सामाजिक संरक्षण की गारंटी के लिए एक व्यापक एवं प्रभावी केंद्रीय कानून बनाया जाए.