1977 से, हर साल 29 नवंबर को फिलिस्तीनी लोगों के साथ अंतर्राष्ट्रीय एकजुटता दिवस के रूप में मनाया जाता है. 1947 में इसी दिन संयुक्त राष्ट्र ने फिलिस्तीन के बंटवारे और इजराइल राज्य के निर्माण की योजना को मंजूरी दी थी. लेकिन फिलिस्तीनी लोगों के लिए इस बंटवारे की योजना ने एक हिंसक औपनिवेशिक कब्जे और प्रणालीगत रूप से उन्हें उनकी जमीन से बेदखल करने की प्रक्रिया को थोप दिया जिसे फिलिस्तीनी लोग ‘नक्बा’ या ‘महाविपत्ति’ कहते हैं. इसके चलते दशकों तक फिलिस्तीनी क्षेत्रों में इजरायल का विस्तार लगातार जारी रहा. नवंबर 1956 में इजरायल ने गाजा पर हमला करके उस पर कब्जा कर लिया, 1967 तक इजराइल ने वेस्ट बैंक (पश्चिमी तट) और पूर्वी यरुशलम को भी अपने कब्जे में ले लिया. और 8 अक्टूबर 2023 के बाद से दुनिया गाजा में फिलिस्तीनी बच्चों, महिलाओं और आम नागरिकों के भयानक नरसंहार की गवाह बन रही है. आज जब यह नरसंहार जारी है, हम वेस्ट बैंक में भी इजरायली सेना और वहां बसने वाले लोगों (सेटलर) की हिंसा में भारी वृद्धि देख रहे हैं.
इसीलिए फिलिस्तीन में हो रहे नरसंहार और क्रूर औपनिवेशिक कब्जे को खत्म करने की मांग दुनिया भर में शांति और न्याय चाहने वाली ताकतों के लिए सबसे जरूरी वैश्विक प्राथमिकता बन गई है. आज फिलिस्तीन की आजादी उतनी ही जरूरी है, जितनी 1930 और ’40 के दशक में फासीवाद और उपनिवेशवाद से आजादी, 1960 और ’70 के दशक में वियतनाम की मुक्ति, और 1980 व ’90 के दशक की शुरूआत में दक्षिण अफ्रीका में रंगभेद की समाप्ति थी. आज शांति, लोकतंत्र और राष्ट्रीय मुक्ति के रास्ते में अमेरिका-इजराइल धुरी उतनी ही बड़ी बाधा है, जितनी कि द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान फासीवादी धुरी थी.
यह तसल्ली की बात है कि भले ही कई देश और सरकारें अभी भी अमेरिका-इजरायल धुरी का समर्थन कर रही हैं या ट्रंप-नेतन्याहू जोड़ी द्वारा शुरू किए गए आक्रामक युद्ध पर चुप हैं, लेकिन दुनिया भर में गाजा में हो रहे नरसंहार के खिलाफ जनमत तेजी से मुखर हो रहा है. नौजवानों और श्रमिकों के नेतृत्व में कई आंदोलन फिलिस्तीन और फिलिस्तीनी लोगों के समर्थन में खड़े हैं, और कुछ मामलों में तो वे अपनी सरकारों को इजरायल से दूरी बनाने के लिए मजबूर भी कर रहे हैं. हाल ही में अमेरिकी कांग्रेस और इजरायली नेसेट (संसद) के चुनावों में क्रमशः ट्रंप और नेतन्याहू को मिली हार एक तरह से इसी वैश्विक बदलाव की झलक है, जो खुद साम्राज्यवादी ताकतों के गढ़ में देखने को मिली है.
अगर किसी तीसरे देश को इस बदलाव की सबसे ज्यादा जरूरत है, तो वह भारत है. सोवियत संघ के पतन के बाद अमेरिका और इजरायल के साथ भारत के रणनीतिक संबंध शुरू हुए थे, जिन्हें अब मोदी सरकार ने एक बिल्कुल नए स्तर पर पहुंचा दिया है. भारत की विदेश नीति में अब रणनीतिक स्वायत्तता का नामोनिशान नहीं दिखता; ऐसा लगता है मानो इसे अमेरिका-इजरायल धुरी की रणनीतिक जरूरतों या उनके इशारों के सामने गिरवी रख दिया गया हो. गाजा में हो रहे नरसंहार या ईरान के साथ युद्ध पर भारत का रुख आमतौर पर चौंकाने वाली खामोशी ही रहा है, एक ऐसी खामोशी जो इन अपराधों के लिए दिए जा रहे प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष समर्थन को छिपाने की नाकाम कोशिश करती है. भारत के कुछ खास पूंजीपति, जिनमें अडानी का नाम प्रमुख है, इजरायल को हथियार और तकनीक मुहैया कराने में गहराई से शामिल रहे हैं, जिनका इस्तेमाल नरसंहार के लिए किया जा रहा है.
भारत और इजरायल के बीच बनी इस रणनीतिक साझेदारी के भारत के आंतरिक शासन पर विनाशकारी परिणाम हुए हैं. इसके चलते पारदर्शिता और लोकतंत्र में भारी गिरावट आई है, और सरकारी निगरानी तथा दमन की घटनाएं तेज हुई हैं. पेगासस और सेलेब्राइट जैसी जासूसी तकनीकों के इस्तेमाल और अपने ही नागरिकों के खिलाफ फर्जी इलेक्ट्राॅनिक सबूत गढ़ने से लेकर ‘राष्ट्रीय सुरक्षा’ के नाम पर मोसाद माॅडल की खतरनाक नकल करने तक, कश्मीर में इजरायली दमनकारी तरीकों को अपनाने से लेकर जायोनी विचारधाारा (यहूदी राष्ट्रवाद) से प्रेरित होकर मुसलमानों के खिलाफ नफरत फैलाने और हिंदू वर्चस्ववादी अहंकार को बढ़ावा देने तक, भारत के कमजोर चुनावी लोकतंत्र और संवैधानिक शासन के लिए इजरायल का प्रभाव सबसे ज्यादा घातक साबित हुआ है.
अमेरिका-इजरायल धुरी अपने आक्रामक युद्ध, कब्जे और नियंत्रण को आतंकवाद के खतरे के खिलाफ एक जवाबी प्रतिक्रिया बताकर छिपाने की कोशिश करती है. इसके लिए वे ‘अल-कायदा’ द्वारा अमेरिका में 9/11 के ट्विन टावर हमले या 7 अक्टूबर 2023 को हमास द्वारा इजरायल पर किए गए आतंकी हमले का हवाला देते हैं. लेकिन इराक और अफगानिस्तान से लेकर लीबिया, सीरिया और ईरान तक अमेरिका के नेतृत्व में लड़े गए युद्धों और गाजा में हुए नरसंहार ने किसी भी आतंकी घटना की तुलना में कहीं अधिक हिंसा और तबाही मचाई है. आतंकवाद के खिलाफ ये तथाकथित जवाबी कदम पूरी तरह से असंगत और अनुचित हैं. गाजा नरसंहार या ईरान के खिलाफ युद्ध को 7 अक्टूबर के हमास हमले के बराबर रखकर ‘संतुलन’ बनाने की कोई भी कोशिश असल में अपराध में मिलीभगत के समान है, और यह मिलीभगत केवल उन लोगों का हौसला बढ़ाती है जो नरसंहार, आक्रामक युद्ध और कब्जे जैसी हिंसा को अंजाम देते हैं.
आज मोदी सरकार फिलिस्तीनी जनता के साथ एकजुटता दिखाने वाली हर आवाज को अपराध की तरह पेश करती है. यह फिलिस्तीन पर भारत के लंबे समय से चले आ रहे रुख के बिल्कुल उलट है. भारत की अपनी आजादी से पहले ही हमारे स्वतंत्रता आंदोलन ने फिलिस्तीनी संघर्ष को अपने साम्राज्यवाद-विरोधी एजेंडे का एक अहम हिस्सा मान लिया था. 1930 के दशक में ही भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने ‘जायोनी विचारधारा’ को एक साम्राज्यवादी परियोजना बताते हुए इसके खिलाफ प्रस्ताव पारित किए थे. 1947 में भारत ने संयुक्त राष्ट्र की ‘फिलिस्तीन विभाजन योजना’ के खिलाफ वोट दिया था, और नेहरू ने इसकी तुलना भारत के अपने विभाजन के दर्दनाक अनुभव से की थी. स्वतंत्र भारत की गुटनिरपेक्ष विदेश नीति फिलिस्तीनी आजादी के समर्थन में हमेशा अडिग रही, ठीक वैसे ही जैसे वह दक्षिण अफ्रीका में रंगभेद को खत्म करने के समर्थन में खड़ी थी.
आज अमेरिका-इजरायल की साम्राज्यवादी धुरी के सामने भारत की विदेश नीति का आत्मसमर्पण देश के भीतर लोकतंत्र और नागरिकों के संवैधानिक अधिकारों के बढ़ते दमन के साथ-साथ चल रहा है. फिलिस्तीनी लोगों के साथ हमारी एकजुटता की आवाज जितनी बुलंद होगी, एक लोकतांत्रिक गणराज्य के रूप में भारत के अपने अस्तित्व को बचाए रखने की संभावना उतनी ही मजबूत होगी.
फिलिस्तीन के लोगों की जीत हो, भारत-फिलिस्तीन एकजुटता जिंदाबाद!