किसान महासभा में शामिल होगी ‘जम्हूरी किसान सभा’
अखिल भारतीय किसान महासभा का पाचवां राष्ट्रीय सम्मेलन 20-21 सितंबर 2026 को पंजाब प्रान्त के जालन्धर शहर स्थित “देशभक्त यादगार हाल” में होने जा रहा है. यह सम्मेलन किसान संघर्षों की एक और मजबूत आवाज “जम्हूरी किसान सभा” के किसान महासभा में शामिल होने के ऐतिहासिक क्षण का गवाह भी बनेगा. दो किसान संगठनों का यह मिलन ऐसे समय पर हो रहा है, जब देश की खेती-किसानी चौतरफा हमलों से घिरी है. ऐसे समय में खेती-किसानी और भारत की खाद्य सुरक्षा की रक्षा के लिए, किसानों के प्रतिरोध संघर्ष को आगे बढाने और किसान संगठनों के बीच व्यापक एकता की रणनीति तय करने के लिए इस सम्मेलन के निर्णयों पर देश भर के किसान संगठनों की निगाहें लगी हुई हैं.
विदित हो कि 2-3 जुलाई 2026 को राजस्थान के झुंझुनू में अखिल भारतीय किसान महासभा की राष्ट्रीय कार्यकारणी की बैठक हुई. इस बैठक के अध्यक्ष मंडल में ऐतिहासिक दिल्ली किसान आंदोलन के एक बड़े नेता जम्हूरी किसान सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डाॅक्टर सतनाम सिंह अजनाला भी शामिल थे. साथ ही, जम्हूरी किसान महासभा के सात सदस्यीय प्रतिनिधि मंडल ने भी जिसमें पंजाब और हरियाणा प्रांतों से किसान नेता शामिल थे, किसान महासभा की इस बैठक में शिरकत की.