वर्ष 35 / अंक - 20 / महंगाई बम फूटने वाला है : 2026 की गर्मी क्यों भार...

महंगाई बम फूटने वाला है : 2026 की गर्मी क्यों भारतीय जनता के लिए निर्णायक मोड़ साबित हो सकती है

महंगाई बम फूटने वाला है : 2026 की गर्मी क्यों भारतीय जनता के लिए निर्णायक मोड़ साबित हो सकती है

-- रंजन श्रीवास्तव

भारत की अर्थव्यवस्था एक ऐसे मोड़ पर खड़ी है जहां आने वाले कुछ महीने करोड़ों भारतीय परिवारों की रोजमर्रा की जिंदगी को बदल सकते हैं. अब तक महंगाई को हम एक सामान्य आर्थिक समस्या मानते रहे हैं, लेकिन 2026 में भारत जिस स्थिति की ओर बढ़ रहा है, वह साधारण महंगाई नहीं, बल्कि चार मोर्चों पर बढ़ने वाला आर्थिक संकट है.

यह संकट चार दिशाओं से एक साथ भारतीय अर्थव्यवस्था पर हमला कर रहा है.

पहला: कच्चे तेल की कीमतों में विस्फोटक वृद्धि.
दूसरा: रुपये की तेज गिरावट. 
तीसरा: खाद्य तेलों की कीमतों में भारी उछाल.
और चौथा: कमजोर मानसून का खतरा.

इन चारों कारकों का संयुक्त प्रभाव भारत में उपभोक्ता महंगाई दर यानी (CPI Inflation) को दोगुना कर सकता है. यदि हालात नियंत्रण से बाहर गए, तो भारत एक बार फिर 10-12 प्रतिशत महंगाई के दौर में प्रवेश कर सकता है. यह केवल आर्थिक संकट नहीं होगा. इसका असर सीधे भारतीय मध्यम वर्ग, रोजगार, उपभोग और सामाजिक स्थिरता पर पड़ेगा.

भारत की सबसे बड़ी कमजोरी यह है कि उसका मध्यम वर्ग पहले से ही भारी कर्ज के बोझ तले दबा हुआ है. ऐसे समय में यदि महंगाई और ब्याज दरें एक साथ बढ़ती हैं, तो यह भारतीय समाज की आर्थिक रीढ़ पर सीधा हमला होगा.

कैसे तेल की कीमत वास्तव में “दोगुनी” हो सकती है

मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव और युद्ध के बाद कच्चा तेल (ब्रेंट क्रूड) की कीमतों में तेज उछाल आया है. लेकिन भारत के लिए असली संकट केवल तेल महंगा होना नहीं है. असली संकट यह है कि तेल उस समय महंगा हो रहा है जब रुपया भी कमजोर हो चुका है.

अधिकांश लोग तेल की कीमत केवल डाॅलर में देखते हैं. उदाहरण के लिए यदि ब्रेंट क्रूड 70 डाॅलर प्रति बैरल से बढ़कर 110 डाॅलर प्रति बैरल हो जाए, तो पहली नजर में यह लगभग 57 प्रतिशत की वृद्धि दिखाई देती है. लेकिन भारत तेल डाॅलर में नहीं, रुपये में खरीदता है. इसलिए असली गणित कहीं अधिक खतरनाक है.

मान लीजिए एक वर्ष पहले कच्चा तेल 70 डाॅलर प्रति बैरल था और डाॅलर का विनिमय दर 75 रुपये था. इसका मतलब भारत के लिए एक बैरल तेल की वास्तविक लागत हुई: 70 गुणा 75 = 5250 रुपये प्रति बैरल. अब वर्तमान स्थिति देखिए. यदि कच्चा तेल 110 डाॅलर प्रति बैरल पहुंच जाता है और उसी समय रुपया गिरकर 95 रुपये प्रति डाॅलर हो जाता है, तो भारत के लिए वास्तविक लागत होगी: 110 गुणा 95 = 10450 रुपये प्रति बैरल. अर्थात भारत के लिए तेल की वास्तविक लागत 5250 रुपये से बढ़कर 10450 रुपये हो जाती है. यानी लगभग 99 प्रतिशत की वृद्धि.

यही वह बिंदु है जिसे अधिकांश लोग समझ नहीं पाते. तेल की कीमत केवल वैश्विक बाजार में नहीं बढ़ रही, बल्कि रुपये की कमजोरी उस झटके को लगभग दोगुना कर रही है.

भारत अपनी जरूरत का लगभग 85 प्रतिशत कच्चा तेल आयात करता है. पेट्रोल और डीजल केवल वाहन चलाने के लिए इस्तेमाल नहीं होते. वे पूरी अर्थव्यवस्था की धमनियों की तरह हैं. ट्रांसपोर्ट महंगा होगा तो हर वस्तु महंगी होगी. ट्रकों की लागत बढ़ेगी, माल ढुलाई महंगी होगी, कंपनियां अपने उत्पादों की कीमतें बढ़ाएंगी और अंततः पूरा बोझ आम उपभोक्ता पर आएगा.

उदाहरण के लिए यदि डीजल की कीमत 15 से 20 रुपये प्रति लीटर बढ़ती है, तो सबसे पहले ट्रांसपोर्ट कंपनियां अपने भाड़े बढ़ाएंगी. इसके बाद तेजी से बिकनेवाली उपभोक्ता सामग्री (FMCG) कंपनियां साबुन, तेल, दूध, बिस्कुट और डिब्बा बंद खाद्य पदार्थों की कीमतें बढ़ाएंगी. एयरलाइंस ‘फ्यूल सरचार्ज’ बढ़ाएंगी. ई काॅमर्स कंपनियों की डिलीवरी लागत बढ़ेगी. यानी तेल की महंगाई पूरी अर्थव्यवस्था में “दूसरे दौर” की महंगाई पैदा करेगी.

अर्थशास्त्रियों का अनुमान है कि केवल तेल की कीमतों में वृद्धि ही उपभेक्ता महंगाई दर में 2.5 से 3.5 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी कर सकती है. यह केवल पहला झटका है.

रुपये की गिरावट: आयातित महंगाई का हमला

पिछले एक वर्ष में रुपया डाॅलर के मुकाबले लगभग 11 प्रतिशत कमजोर हुआ है. इसका अर्थ है कि भारत के लिए हर आयातित वस्तु महंगी हो चुकी है.

मोबाइल फोन, इलेक्ट्राॅनिक्स, मेडिकल उपकरण, औद्योगिक मशीनरी, रसायन, कंपोनेंट्स, यहां तक कि फैक्ट्रियों में इस्तेमाल होने वाली कई मशीनें भी आयातित हैं. रुपये की कमजोरी का असर केवल लग्जरी वस्तुओं तक सीमित नहीं रहता. धीरे धीरे यह रोजमर्रा की जिंदगी में घुस जाता है.

उदाहरण के लिए यदि कोई मशीन 1000 डाॅलर की है, तो पहले उसकी कीमत 75000 रुपये थी. लेकिन यदि रुपया 95 प्रति डाॅलर तक गिर जाता है, तो वही मशीन 95000 रुपये की हो जाएगी. यानी बिना मशीन की अंतरराष्ट्रीय कीमत बढ़े भी भारतीय खरीदार के लिए लागत 20000 रुपये बढ़ गई. रुपये की यह गिरावट उपभेक्ता महंगाई दर में 0.3 से 0.4 प्रतिशत तक अतिरिक्त दबाव डाल सकती है.

खाद्य तेल: रसोई में पहुंच चुका वैश्विक संकट

भारत दुनिया के सबसे बड़े खाद्य तेल आयातकों में से एक है. देश अपनी लगभग 60 प्रतिशत जरूरत विदेशों से पूरी करता है. सूरजमुखी तेल रूस और यूक्रेन से आता है, जबकि पाम ऑयल इंडोनेशिया और मलेशिया से. पिछले छह महीनों में वैश्विक खाद्य तेल कीमतों में लगभग 50 प्रतिशत तक वृद्धि हुई है. इसका सीधा असर भारतीय रसोई पर पड़ रहा है.

यदि अंतरराष्ट्रीय बाजार में पाम ऑयल 900 डाॅलर प्रति टन से बढ़कर 1350 डाॅलर प्रति टन हो जाए और उसी समय रुपया भी कमजोर हो जाए, तो भारतीय आयातकों के लिए वास्तविक लागत लगभग दोगुनी हो सकती है. यही कारण है कि खाद्य तेलों की खुदरा कीमतें तेजी से बढ़ती दिखाई देती हैं.

भारत में खाद्य कीमतें केवल आर्थिक आंकड़े नहीं होतीं. वे राजनीतिक स्थिरता और सामाजिक मनोविज्ञान से भी जुड़ी होती हैं. मध्यम वर्ग और गरीब परिवारों के बजट में भोजन सबसे बड़ा हिस्सा होता है. जब खाने का तेल महंगा होता है, तो उसका असर हर घर पर महसूस होता है.

विश्लेषकों का अनुमान है कि खाद्य तेलों की कीमतों में यह उछाल उपभेक्ता महंगाई दर में 0.5 से 1.1 प्रतिशत तक वृद्धि कर सकता है.

मानसून: भारत की सबसे बड़ी अनिश्चितता

इन सभी संकटों के बीच सबसे खतरनाक खतरा कमजोर मानसून का है. भारतीय मौसम विभाग ने एल नीनो प्रभाव के कारण सामान्य से कम बारिश की आशंका जताई है. पहली नजर में 5 प्रतिशत कम बारिश कोई बड़ी बात नहीं लगती, लेकिन भारत जैसी कृषि आधारित अर्थव्यवस्था में यह बहुत गंभीर संकट बन सकता है.

यदि बारिश कमजोर रही, तो फसल उत्पादन घटेगा और खाद्य महंगाई तेजी से बढ़ेगी. दालें, सब्जियां, दूध, अनाज और रोजमर्रा के खाद्य पदार्थ महंगे होंगे आर्थिक आकलनों के अनुसार कमजोर मानसून उपभेक्ता महंगाई दर में 0.5 से 2 प्रतिशत तक अतिरिक्त बढ़ोतरी कर सकता है.

यदि तेल, रुपया, खाद्य तेल और मानसून के चारों झटके एक साथ आते हैं, तो भारत में उपभेक्ता महंगाई दर 7 से 10 प्रतिशत तक पहुंच सकती है.

आरबीआइ के सामने सबसे कठिन परीक्षा

यदि महंगाई इतनी तेजी से बढ़ती है, तो भारतीय रिजर्व बैंक के पास ब्याज दरें बढ़ाने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचेगा.

विश्लेषकों का अनुमान है कि आरबीआइ को 1.5 से 2 प्रतिशत तक ब्याज दरें बढ़ानी पड़ सकती हैं. इसका उद्देश्य केवल महंगाई कम करना नहीं होगा, बल्कि उस “महंगाई चक्र” को रोकना होगा जो पूरी अर्थव्यवस्था में फैल सकता है.

महंगाई का सबसे खतरनाक चरण तब आता है जब कंपनियां कीमतें बढ़ाती हैं, कर्मचारी वेतन वृद्धि मांगते हैं और फिर कंपनियां दोबारा कीमतें बढ़ाती हैं. धीरे धीरे पूरी अर्थव्यवस्था एक महंगाई चक्र में फंस जाती है.

आरबीआइ इसी चक्र को तोड़ने के लिए ब्याज दरें बढ़ाएगा. लेकिन भारत के लिए सबसे बड़ी समस्या यह है कि उसका मध्यम वर्ग पहले से ही भारी कर्ज में डूबा हुआ है.

भारत में अधिकांश होम लोन, कार लोन और पर्सनल लोन अस्थिर ब्याज दर पर होते हैं. इसका मतलब यह है कि आरबीआइ जैसे ही ब्याज दरें बढ़ाता है, बैंकों की ब्याज दर भी बढ़ जाती हैं और उसका सीधा असर ईएमआइ पर पड़ता है.

बिना कोई नई वस्तु खरीदे, बिना जीवन-शैली बदले, केवल ब्याज दर बढ़ने से एक मध्यम वर्गीय परिवार की वार्षिक वित्तीय स्थिति पर भारी दबाव आ सकता है.

पिछले कुछ वर्षों में लाखों परिवारों ने ऊंची कीमतों पर घर खरीदे हैं. अधिकांश लोग अपनी मासिक आय का बड़ा हिस्सा पहले से ही ईएमआइ में खर्च कर रहे हैं. यदि उसी समय पेट्रोल महंगा हो, खाद्य पदार्थ महंगे हों, बच्चों की स्कूल फीस बढ़ रही हो और मेडिकल खर्च भी बढ़ रहे हों, तो बढ़ती ईएमआइ मध्यम वर्ग की वित्तीय स्थिरता को तोड़ सकती है.

महंगाई पहले आपकी बचत खाती है. फिर ब्याज दरें आपकी ईएमआइ बढ़ाती हैं. और अंततः उपभोग कमजोर पड़ता है, जिससे पूरी अर्थव्यवस्था धीमी होने लगती है.

पिछले एक दशक में भारत का मध्यम वर्ग तेजी से कर्ज आधारित उपभोग माॅडल की ओर बढ़ा है. घर, कार, शिक्षा, मोबाइल फोन, छुट्टियां और रोजमर्रा का उपभोग अब ईएमआइ आधारित जीवनशैली का हिस्सा बन चुके हैं.

भारत के मध्यम वर्ग के कर्ज का स्तर चिंताजनक हो चुका है.

यदि ब्याज दरें 1.5 से 2 प्रतिशत बढ़ती हैं, तो करोड़ों परिवारों की ईएमआइ अचानक बढ़ जाएगी. इससे उपभोग कमजोर होगा, बचत और घटेगी और आर्थिक गतिविधियों पर दबाव बढ़ेगा.

यही कारण है कि यह संकट केवल महंगाई का संकट नहीं है, करोड़ों भारतीयों की वित्तीय स्थिरता के संकट का है.

भारत आज ज्ञ आकार की अर्थव्यवस्था (K Shaped Economy) के दौर से गुजर रहा है. समाज का एक छोटा हिस्सा रिकाॅर्ड संपत्ति बना रहा है, जबकि बड़ा मध्यम वर्ग और निम्न वर्ग जीवनयापन की बढ़ती लागत से जूझ रहा है. शेयर बाजार ऊंचाई पर है, लग्जरी रियल एस्टेट फल-फूल रहा है, लेकिन दूसरी तरफ आम परिवारों की बचत घट रही है और कर्ज बढ़ रहा है. यदि आने वाले महीनों में महंगाई और ब्याज दरों का संयुक्त दबाव बढ़ता है, तो भारत सामाजिक और राजनीतिक अस्थिरता के नए दौर में प्रवेश कर सकता है.

2026 की गर्मी: आने वाले वर्षों की दिशा तय करने वाला समय

भारतीय समाज और राजनीति के लिए 2026 केवल एक सामान्य वर्ष नहीं है. यह वह समय साबित हो सकता है जब पिछले 30 साल से चल रही भारत की विकास कहानी पहली बार गंभीर सामाजिक दबाव से टकराए. यदि तेल महंगा रहता है, रुपया कमजोर रहता है, खाद्य कीमतें बढ़ती हैं और मानसून कमजोर पड़ता है, तो भारतीय आम जनता को पिछले कई दशकों का सबसे कठिन आर्थिक झटका लग सकता है. आने वाले महीनों में करोड़ों भारतीयों को शायद अपने जीवन की सबसे कठिन आर्थिक परीक्षा से गुजरना पड़ सकता है.

16 May, 2026