वर्ष 34 / अंक-27 / उप्र में आपदा मित्रों का आंदोलन

उप्र में आपदा मित्रों का आंदोलन

movement-of-disaster-friends-in-up

8-9 सितंबर 2025 को उत्तर प्रदेश आपदा मित्र एसोसिएशन के बैनर तले इको गार्डेन, लखनऊ में दो दिवसीय धरना पर आपदा मित्रों/सखियां बैठीं हुईं हैं. इस धरना को संबोधित करते हुए संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रदीप कुमार ने कहा कि भारत सरकार ने 1, 05,500 युवाओं एवं युवतियों को 12 दिवसीय ट्रेनिंग कराकर आपदा मित्र/सखी बनाया. उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा 52 जिलों से 13917 युवक-युवतियों को चयनित किया गया और राज्य आपदा मोचन बल द्वारा उनको सैन्य अनुशासन में रखते हुए आपदा मित्र बनाया गया. प्रत्येक आपदा मित्र पर 29500 रुपये खर्च हुए.

ट्रेनिंग के बाद इन आपदा मित्रों को ग्रुप के माध्यम से जोड़ा गया और गैर चयनित आपदा मित्रों से भी प्राकृतिक एवं मानव जनित आपदाओं में और धार्मिक नहान व धार्मिक मेलों में 2018 से अब तक लगभग 200 दिनों तक काम कराया गया.

इसके साथ ही बतौर आपदा मित्र तरणवीर से 21 दिन, मास्टर ट्रेनर से 21 दिन, अग्नि सचेतक से 7 दिन और इन सबों से मार्क ड्रिल के नाम पर प्रत्येक वर्ष 2 दिन अर्थात कुल साल में कुल 51 दिन समय ट्रेनिंग देने के नाम पर लिया गया. महाकुंभ मेला, प्रयागराज के लिए उनको एक दिन की ट्रेनिंग दी गयी और लगातार 45 दिन की सेवा ली गयी. इसतरह उनको कुल 63 दिनों की ट्रेनिंग देकर लगभग 245 दिनों की सेवा ली गयी है. लेकिन 2018 से 2025 तक किसी भी आपदा मित्र को उनके श्रम का मूल्य नहीं दिया गया है और उनसे एक तरह की बेगारी कराई गयी हैं.

उन्होंने कहा कि इसीलिए हम सरकार से मांग करते हैं कि आपदा मित्रों/सखियों के श्रम की लूट बंद की जाए और और सभी आपदा मित्रों/सखियों को तुरत नियुक्ति पत्र दे कर उनको वेतन दिया जाए ताकत सरकार, समाज व आपदा मित्रों/ सखियों को उसी प्रकार का लाभ हासिल हो जैसा कि  किसी भी प्रकार की आपदा में मृतक व्यक्ति के आश्रितों को (4 लाख रुपए) मिलता है. सरकार आपदा मित्रों/सखियों से अगर स्थायी सेवा लेगी तो तो कोई भी आपदा मित्र/ सखी हर साल 2 से चार लोगों को जीवन दान देगा और इस प्रकार सरकार को न्यूनतम 8 से 16 लाख रुपयों की बचत होगी. इससे न केवल सरकार का पैसा बचेगा बल्कि समाज को भी लाभ होगा. आपदा मित्रों/सखियों को रोजगार भी मिलेगा और कार्य करने की बेहतर परिस्थितियां भी बनेंगी.

दो दिवसीय धरना को वीरेन्द्र सिंह यादव (राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी) और रामबचन राजभर (प्रदेश अध्यक्ष) ने भी सम्बोधित किया. धरना में रामकुमार चौहान (प्रदेश कोषाध्यक्ष), विवेकमणि त्रिपाठी (प्रदेश उपाध्यक्ष), प्रवीण कुमार पटेल (सह सचिव), अरविन्द यादव (प्रदेश महामंत्री), पूनम तिवारी (प्रदेश संगठन मंत्री),  इन्द्रजीत यादव (प्रदेश मिडिया प्रभारी) समेत कई अन्य नेता भी शामिल हुए. मुख्यमंत्री और केंद्रीय गृहमंत्री को संबोधित श्रापन भी सौंपा गया.

13 September, 2025